गुलमोहर गार्डन चुनाव में ‘सहस्वामी वोट’ बना बड़ा मुद्दा, टीम संकल्प को मिल रहा जनसमर्थन

टीम संकल्प के समर्थन में प्रचार करते रेजिडेंट्स
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर गार्डन सोसायटी में एओए चुनाव अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में टीम संकल्प ने टावर 24, 11 और 18 में जोरदार जनसंपर्क किया, जहां सहस्वामियों के वोटिंग अधिकार छिनने का मुद्दा सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनकर उभरा।
टॉवर-18 में वोट मांगती टीम संकल्प

सहस्वामी वोट पर सियासत

सोसायटी के बड़ी संख्या में निवासी मौजूदा कालातीत बोर्ड के उस फैसले से नाराज हैं, जिसमें सहस्वामियों को वोटिंग अधिकार से बाहर कर दिया गया। निवासियों का कहना है कि 2019 से लेकर 2023-24 तक सहस्वामी चुनाव में हिस्सा लेते रहे, लेकिन दिसंबर 2024 के चुनाव में कथित तौर पर अधूरी और भ्रामक जानकारी देकर सिर्फ फर्स्ट ओनर को ही मतदान का अधिकार दिया गया। टीम संकल्प इसी मुद्दे को लेकर पिछले दो वर्षों से संघर्ष कर रही है और अब इसे चुनावी केंद्र में ले आई है।
घर-घर जाकर अपने पक्ष में माहौल बनाते प्रत्याशी

उन्नति टीम पर सवाल

चुनावी माहौल में टीम उन्नति के मौजूदा बोर्ड पर भी सवाल उठने लगे हैं। बोर्ड के आठ सदस्यों द्वारा इस बार नामांकन नहीं भरने को लेकर निवासी खुलकर चर्चा कर रहे हैं। सोसायटी के अंदर यह सवाल गूंज रहा है कि अगर काम बेहतर हुआ होता, तो मौजूदा सदस्य मैदान से बाहर क्यों रहते।
डंपिंग ग्राउंड बना सोसायटी का बेसमेंट 

कूड़ा संकट ने बढ़ाई नाराजगी

चुनाव से ठीक पहले सोसायटी में सफाई व्यवस्था भी बड़ा मुद्दा बन गई है। पिछले एक सप्ताह से कूड़ा उठाने वाली टीम के गायब रहने से हालात बिगड़ गए हैं। सफाई कर्मचारी कूड़ा बेसमेंट में डाल रहे हैं, जिससे गंदगी और दुर्गंध बढ़ रही है। निवासियों का आरोप है कि कूड़ा उठाने वाली टीम और कालातीत बोर्ड के बीच विवाद के कारण यह स्थिति पैदा हुई है, लेकिन शिकायत के लिए कोई स्पष्ट व्यवस्था भी नहीं है।
टॉवर-11 में प्रचार करती टीम संकल्प

प्रचार का आखिरी दिन आज

शुक्रवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है और टीम संकल्प 23 में से 20 टावर में जनसंपर्क पूरा कर चुकी है। बाकी टावरों में भी आखिरी दिन पूरा जोर लगाने की रणनीति है। शनिवार को मतदान प्रबंधन की तैयारी होगी, जबकि रविवार 22 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान और शाम 5:30 बजे से मतगणना शुरू होगी। देर रात तक नतीजे आने की उम्मीद है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ