बदलते मौसम में आंखों पर अटैक: एलर्जी से बचाव ही सबसे बड़ा इलाज

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। मौसम बदलते ही सिर्फ सर्दी-जुकाम ही नहीं, आंखों से जुड़ी परेशानियां भी तेजी से बढ़ने लगती हैं। इन दिनों लोगों में आंखों में खुजली, लालिमा और पानी आने जैसी शिकायतें आम हो गई हैं। धूल, प्रदूषण और पराग कणों के बढ़ते असर के बीच आंखों की एलर्जी ने बच्चों से लेकर बड़ों तक को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

खुजली-लालिमा सबसे आम लक्षण

डॉ. मनन कौशिक
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मनन कौशिक बताते हैं  कि बदलते मौसम में आंखों की एलर्जी के  केस तेजी से बढ़ते हैं। इसमें आंखों में खुजली, लाल होना, पानी आना और चिपचिपा डिस्चार्ज जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। कई मरीजों को आंखों में जलन और सूजन की शिकायत भी रहती है। खासकर सुबह उठते समय यह समस्या ज्यादा महसूस होती है।

धूल के कण बन रहे वजह

डॉ. कौशिक के अनुसार, मौसम बदलने के दौरान हवा में धूल और पराग कणों (पोलन) की मात्रा बढ़ जाती है, जो आंखों की सतह पर जाकर एलर्जी ट्रिगर करती है। इसके अलावा प्रदूषण और लंबे समय तक स्क्रीन देखने से भी आंखें संवेदनशील हो जाती हैं। छोटे बच्चों में यह समस्या अधिक देखी जा रही है क्योंकि उनकी आंखें ज्यादा संवेदनशील होती हैं।

लापरवाही से बढ़ सकती है परेशानी

विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि एलर्जी को नजरअंदाज करना नुकसानदायक हो सकता है। बार-बार आंखें मलने से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है और कॉर्निया पर असर पड़ सकता है। कई मामलों में लंबे समय तक एलर्जी रहने पर नजर पर भी असर पड़ने लगता है, जिससे चश्मे का नंबर बढ़ने की संभावना रहती है।

बचाव के लिए बरते ये सावधानियां

डॉ. मनन कौशिक के मुताबिक, इस मौसम में आंखों को सुरक्षित रखने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनानी चाहिए। बाहर निकलते समय धूप का चश्मा पहनें ताकि धूल सीधे आंखों में न जाए। आंखों को बार-बार छूने या मलने से बचें और साफ पानी से धोते रहें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से एंटी-एलर्जिक या लुब्रिकेंट आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करें। उन्होंने यह भी सलाह दी कि अगर आंखों में लगातार जलन, सूजन या डिस्चार्ज बना रहे तो खुद से दवा लेने के बजाय तुरंत विशेषज्ञ से परामर्श लें।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ