भक्ति और संस्कृति से सजेगा परशुराम जन्मोत्सव, 19 अप्रैल को राजनगर एक्सटेंशन में भव्य आयोजन

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। भगवान परशुराम जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में 19 अप्रैल, रविवार को राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद स्थित फार्च्यून रेजीडेंसी क्लब में भगवान परशुराम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। भगवान विष्णु के छठे अवतार की जयंती पर होने वाले इस आयोजन में क्षेत्र के सभी विप्र बंधुओं को सपरिवार सादर आमंत्रित किया गया है।

वैदिक मंत्रों से होगा शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ सांय 5:00 बजे मंगलाचरण और विधिवत पूजा अर्चना के साथ किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान परशुराम का आह्वान कर आयोजन की शुरुआत होगी। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों और अतिथियों का सम्मान भी किया जाएगा। समिति का उद्देश्य नई पीढ़ी को भगवान परशुराम के आदर्शों और उनके शौर्य से परिचित कराना है।

भजन संध्या में डूबेगा पूरा परिसर

सांय 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक मंडली द्वारा भजन संध्या की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। भक्तिरस से सराबोर इस संध्या में भगवान परशुराम के जीवन चरित्र, उनके तप और धर्म रक्षा के लिए किए गए संघर्षों पर प्रकाश डाला जाएगा। इसी मंच से वर्तमान परिदृश्य में ब्राह्मण समाज की भूमिका और सामाजिक स्थिति पर भी चिंतन-मनन किया जाएगा।

झांकियों और फूलों से सजेगा उत्सव 

इस बार आयोजन का मुख्य आकर्षण भगवान परशुराम के जीवन पर आधारित मनमोहक झांकियां और फूलों की होली रहेंगी। पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आएगा। समिति ने परंपरा और संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का संकल्प लिया है। रात्रि 9:00 बजे नैवेद्य एवं भोजन प्रसाद वितरण के साथ इस भव्य आयोजन का समापन होगा।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ