गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की क्लासिक रेजिडेंसी सोसायटी में शुक्रवार दोपहर एक बंद फ्लैट में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बी टावर के तीसरे फ्लोर पर रहने वाले मुकुल निगम के फ्लैट से उठते धुएं ने पूरे ब्लॉक में दहशत फैला दी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा फ्लैट इसकी चपेट में आ गया।
बंद फ्लैट में हादसा
घटना के वक्त फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था। मुकुल निगम अपने काम पर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चे भी घर से बाहर थे। फ्लैट में ताला लगा हुआ था, ऐसे में अंदर क्या हो रहा है, इसका किसी को अंदाजा नहीं था। पड़ोसियों ने जैसे ही धुआं उठते देखा, तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
आग पर काबू पाया
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर की कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर का फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य सामान पूरी तरह जल चुका था।
पूजा के दीपक से लगी आग
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आग लगने की वजह पूजा में जलता हुआ दीपक हो सकता है। हालांकि, सटीक कारण की पुष्टि के लिए जांच जारी है। घटना के दौरान पूरे ब्लॉक में अफरातफरी का माहौल बना रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव दें।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें