दिनदहाड़े चार बुलेट मोटरसाइकिलों से बैटरी चोरी, रिवर हाइट्स में लचर सुरक्षा पर एओए घिरी

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की रिवर हाइट्स सोसायटी में दिनदहाड़े एक साथ चार बुलेट मोटरसाइकिलों से बैटरी चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियां उजागर कर दी हैं। शनिवार सुबह 10 बजे के बाद हुई इस वारदात के बाद रेजिडेंट्स में नाराजगी और असुरक्षा दोनों बढ़ गई हैं।

चार बाइकों से बैटरी चोरी

जानकारी के मुताबिक सोसायटी के अलग-अलग टावरों के नीचे खड़ी चार बुलेट मोटरसाइकिलों से शनिवार सुबह चोरों ने बैटरियों पर हाथ साफ कर दिया। रेजिडेंट्स के मुताबिक सुबह सफाई के दौरान तक सभी गाड़ियां सुरक्षित थीं, लेकिन कुछ ही समय बाद बैटरियां गायब मिलीं। एक साथ चार गाड़ियों को निशाना बनाना सुनियोजित कार्रवाई की ओर इशारा करता है।

दिन के उजाले में चोरी

घटना सुबह 10 बजे के बाद की है। रेजिडेंट्स का कहना है कि सुबह के समय में जिस समय बाईकों से बैटरियां चुराई गई हैं उस समय सोसायटी में लोगों की आवाजाही बनी रहती है। उन्होंने इसे साफतौर पर सोसायटी की सुरक्षा के चूक माना है। रेजिडेंट्स का कहना है कि इससे ये साफ है कि सोसायटी में सुरक्षा के मद्देनजर निगरानी शून्य है। यही कारण है कि चोर आसानी से वारदात कर गया।

गार्ड्स की कमी का असर

रेजिडेंट्स का आरोप है कि कालातीत एओए ने सिक्योरिटी एजेंसी का भुगतान रोक रखा है, जिस कारण एजेंसी ने सोसायटी में गार्डों की संख्या आधी कर दी है। पहले जहां करीब 80 गार्ड्स सोसायटी में तैनात थे अब उसके आधे ही तैनात हैं। जिससे सोसायटी की सुरक्षा भगवान भरोसे हो गई है। इसी स्थिति का फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।

एओए पर सवाल

कालातीत एओए की कार्यशैली को लेकर रेजिडेंट्स में नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि गार्ड्स की कमी और सोसायटी की सुरक्षा को लेकर कार्यवाहक अध्यक्ष गौरव विरमानी और सचिव ऋतु चौधरी को कई बार अवगत कराया गया लेकिन उन दोनों के आपसी विवाद के चलते इस समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
इस संबंध में जब कार्यवाहक अध्यक्ष गौरव विरमानी से संपर्क की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ