20 से 24 साल की उम्र में बनाया गैंग, उड़ाने लगे एनसीआर में बाइकें, खोड़ा पुलिस ने धरे

खोड़ा पुलिस की गिरफ्त में युवा वाहन चोर
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। जिस उम्र में युवा अपने करियर और भविष्य को मजबूत बनाने में जुटते हैं, उसी उम्र में चार युवकों ने अपराध की दुनिया चुन ली। एनसीआर में लगातार वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के लिए सिरदर्द बने इस अन्तर्राज्यीय गिरोह का खोड़ा थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव के मुताबिक पुलिस ने चार वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल होने वाली वैगनआर कार बरामद की है।

चेकिंग में दबोचे आरोपी

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि खोड़ा थाना पुलिस मंगलवार देर रात नहर पटरी लौधी चौक पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की यामाहा एफजेड बाइक और एक स्कूटी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान कुनाल, रमन, टीटू और ललित चौहान के रूप में बताई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की उम्र 20 से 24 साल के बीच है और सभी अलग-अलग राज्यों से आकर एनसीआर में रह रहे थे।
गैंग से बरामद बाइकें और कार

मैदान में छुपाते थे बाइकें

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे वाहन चोरी करने के बाद बाइक और स्कूटी को इंदिरापुरम अंडरपास के पास खाली मैदान में छिपाकर रखते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से सात और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कीं। एसीपी के अनुसार बरामद वाहनों में तीन बाइकें खोड़ा क्षेत्र, तीन गौतमबुद्धनगर और एक दिल्ली के महरौली क्षेत्र से चोरी की गई थीं। दो मोटरसाइकिल ऐसी भी मिलीं जिनके इंजन और चेसिस नंबर खुरचे गए थे, ताकि पहचान छिपाई जा सके।

शौक पूरे करने के लिए अपराध

एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी चोरी की बाइक बेचकर अपने खर्च और शौक पूरे करते थे। गिरोह वारदातों के लिए वैगनआर कार का इस्तेमाल करता था, जिससे आरोपी अलग-अलग इलाकों में रेकी और आने-जाने का काम करते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी टीटू के खिलाफ बुलंदशहर में वाहन चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं गिरोह के खिलाफ खोड़ा और दिल्ली में भी कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की जांच कर रही है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ