- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
राजनगर एक्सटेंशन में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, बढ़ते लोड से चरमराया सिस्टम, 33 केवी लाइन की मांग तेज
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट अब बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। दिनभर कटौती, शाम होते ही लो-वोल्टेज और रात में बार-बार ट्रिपिंग से लोग परेशान हैं। हालात ऐसे हैं कि एसी-कूलर तक सही से नहीं चल पा रहे। इलाके की कई सोसायटियों के लोगों का आरोप है कि बढ़ती आबादी के मुकाबले बिजली विभाग ने इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत नहीं किया, जिसके चलते पूरा सिस्टम ओवरलोड होकर जवाब दे रहा है। इसी समस्या को लेकर अब कई सोसायटियों के एओए पदाधिकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
बढ़ते लोड से बढ़ी दिक्कत
स्थानीय निवासियों के मुताबिक राजनगर एक्सटेंशन में लगातार नई सोसायटियां और फ्लैट बन रहे हैं, लेकिन बिजली सप्लाई पुराने ढांचे के भरोसे चल रही है। नौतपा की गर्मी शुरू होते ही हजारों घरों में एक साथ एसी और कूलर चलने से ट्रांसफॉर्मर और लाइनें ओवरलोड होने लगी हैं। इसी वजह से बार-बार फॉल्ट, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या पैदा हो रही है। लोगों का कहना है कि शाम के समय हालात सबसे ज्यादा खराब हो जाते हैं और कई बार घंटों तक बिजली सप्लाई प्रभावित रहती है।
सोसायटियों ने भेजी शिकायत
बिजली संकट को लेकर सैफायर अपार्टमेंट, एसएससी हाइट्स, सैवी विले डी, क्लासिक रेजिडेंसी और फॉर्च्यून रेजिडेंसी समेत कई सोसायटियों के प्रतिनिधियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की। इसके अलावा तमाम सोसायटियों के पदाधिकारियों का हस्ताक्षरयुक्त एक ज्ञापन भी गाजियाबाद से लेकर लखनऊ तक बैठे अधिकारियों को मेल द्वारा भेजा गया है। ज्ञापन में इलाके में नई 33 केवी लाइन और अतिरिक्त बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की मांग उठाई गई। लोगों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था बढ़ती आबादी का भार संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
ये लोग रहे मौजूद
विद्युत अधिकारियों से मिलने वालों में अमित सिलावट, भगवान सिंह, गौरव गुप्ता, संदीप तोमर, रोहित दीक्षित, उमेश कुमार गुप्ता, मनोज मलिक, विकास सिंह, विशाल कुमार चौधरी, हरिओम भाटी और देशमणि शर्मा समेत कई एओए पदाधिकारी और निवासी मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले दिनों में लोगों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई देगा। निवासियों का कहना है कि हर साल गर्मियों में बिजली व्यवस्था सुधारने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीन पर हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।
Electricity Cut
Ghaziabad news
Housing Society
Power crisis
Power Load
Rajnagar Extension
Summer Trouble
Voltage Problem
स्थान:
India
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें