विभु मिश्रा
गाजियाबाद। तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट में शिकायत दर्ज कराई गई है। सामाजिक संस्था “जनशक्ति एक आवाज” के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान पुलिस ऑब्जर्वर रहे आईपीएस डॉ. अजयपाल शर्मा की छवि धूमिल करने की कोशिश की। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो और टिप्पणियों के जरिए उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया गया।
क्या है विवाद
शिकायत के मुताबिक हाल ही संपन्न हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी। इसी दौरान आईपीएस डॉ. अजयपाल शर्मा को पुलिस ऑब्जर्वर बनाकर भेजा गया था। चुनाव के दौरान उन्हें यह शिकायत मिली कि टीएमसी प्रत्याशी जहांगीर खान वोटर्स को धमका रहे हैं। बताया गया कि इस शिकायत के बाद डॉ. अजयपाल शर्मा ने जहांगीर खान को सख्त चेतावनी दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
सोशल मीडिया पोस्ट पर आपत्ति
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस कार्रवाई से टीएमसी में नाराजगी फैल गई। इसके बाद सांसद महुआ मोइत्रा ने अपने एक्स अकाउंट पर कुछ वीडियो साझा किए, जिनसे आईपीएस अधिकारी की छवि खराब करने की कोशिश की गई। शिकायती पत्र में कहा गया है कि जिन वीडियो का जिक्र किया गया, उनकी जांच पहले ही हो चुकी है और उसमें डॉ. अजयपाल शर्मा को क्लीनचिट मिल चुकी है। इसके बावजूद उन वीडियो को फिर से सामने लाकर विवाद पैदा किया गया।
अभद्र टिप्पणी का आरोप
संस्था जनशक्ति एक आवाज ने यह भी आरोप लगाया कि महुआ मोइत्रा ने डॉ. अजयपाल शर्मा के लिए अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची। शिकायतकर्ताओं ने इसे एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश बताया। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें