गौड़ ग्रीन एवेन्यू की आग के बाद सुरक्षा पर जोर, शिप्रा नियो में हुआ फायर सेफ्टी प्रशिक्षण


सोसायटी में फायर सेफ्टी प्रशिक्षण देते फायरकर्मी 
विभु मिश्रा
 
गाजियाबाद। इंदिरापुरम की हाईराइज सोसायटी गौर ग्रीन एवेन्यू में लगी भीषण आग के बाद अब शहर की सोसायटियों में आग से सुरक्षा को लेकर नई सजगता देखने को मिल रही है। इसी क्रम में इंदिरापुरम स्थित शिप्रा नियो सोसायटी में शनिवार को निवासियों के लिए विशेष फायर सेफ्टी ट्रेनिंग सेशन आयोजित किया गया। बढ़ती ऊंची इमारतों और आपात स्थितियों के जोखिम को देखते हुए यह प्रशिक्षण सोसायटी के निवासियों को आग से बचाव और त्वरित प्रतिक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किया गया।

सुरक्षा को लेकर पहल

शिप्रा नियो में आयोजित इस प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में निवासियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन फायर डिपार्टमेंट की टीम ने किया। इसमें गाजियाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के नेतृत्व में विशेषज्ञों ने आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों और बचाव उपायों की जानकारी दी। टीम ने निवासियों को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय त्वरित और सही निर्णय लेना सबसे महत्वपूर्ण होता है।

उपकरणों का दिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान फायर सेफ्टी उपकरणों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। अग्निशमन यंत्र कैसे चलाया जाता है, धुएं से बचाव के लिए क्या उपाय अपनाने चाहिए, और बच्चों व बुजुर्गों को सुरक्षित निकालने के तरीके क्या हैं—इन सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। इससे निवासियों को सिर्फ सैद्धांतिक नहीं, बल्कि व्यवहारिक समझ भी मिली।

परिवार की सुरक्षा पर जोर

कार्यक्रम में खासतौर पर इस बात पर बल दिया गया कि आग जैसी आपदा में व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ पूरे परिवार को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता होनी चाहिए। निवासियों को यह भी समझाया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां, जैसे इलेक्ट्रिकल उपकरणों की नियमित जांच और आपातकालीन निकास मार्गों की जानकारी, बड़े हादसों को रोक सकती हैं।
प्रशिक्षण के दौरान मौजूद सोसायटी की महिलाएं

जागरूकता ही बचाव

शिप्रा नियो प्रबंधन बोर्ड के सचिव रोहित गुप्ता ने कहा कि हाल की घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हाईराइज सोसायटियों में फायर सेफ्टी को केवल औपचारिकता नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि हर निवासी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहे। उन्होंने सभी निवासियों का सहयोग और सक्रिय भागीदारी के लिए आभार भी जताया।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ