ईद से पहले पुलिस की ऑनलाइन चौकसी तेज, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी सीधी नजर

थाना वेव सिटी में बैठक करतीं एसीपी प्रियाश्री पाल 
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। ईद के त्योहार से पहले गाजियाबाद पुलिस ने ऑनलाइन चौकसी बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट डालने और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की सीधी नजर रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम या किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी। इसी को लेकर गुरुवार को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गईं।

सोशल मीडिया पर फोकस

थाना वेव सिटी में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल ने की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर कई बार फर्जी संदेश और भ्रामक पोस्ट वायरल कर माहौल खराब करने की कोशिश की जाती है। ऐसे लोगों पर पुलिस की नजर बनी हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि कोई भी पोस्ट या मैसेज आगे शेयर न करें।
थाना खोड़ा में मीटिंग करते एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव

यहां भी बैठक

इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त उपासना पाण्डेय ने थाना कोतवाली नगर में पीस कमेटी की बैठक कर लोगों से भाईचारा बनाए रखने की अपील की। बैठक में नगर निगम की टीम भी मौजूद रही और साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। वहीं सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने थाना खोडा में बैठक कर स्थानीय लोगों से अफवाहों से दूर रहने और पुलिस का सहयोग करने को कहा। अधिकारियों ने कहा कि ईद के दौरान जिले में हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

साइबर टीम हुई सक्रिय

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार ऑनलाइन गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर रही हैं। धार्मिक भावनाएं भड़काने, अफवाह फैलाने या विवादित सामग्री पोस्ट करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सीधी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ