- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
ज़ोमैटो-स्विगी स्टाइल में पार्षद की ‘होम डिलीवरी सर्विस’! गाजियाबाद में वायरल पोस्ट बनी चर्चा का विषय
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। इन दिनों लाजपत नगर वार्ड-75 के पार्षद हिमांशु शर्मा की एक सोशल मीडिया पोस्ट लोगों के बीच जमकर चर्चा बटोर रही है। वजह है पोस्ट का अनोखा और बिल्कुल अलग अंदाज। पार्षद हिमांशु शर्मा ने खुद की तुलना सीधे ज़ोमैटो और स्विगी जैसी फूड डिलीवरी कंपनियों से कर दी और दावा किया कि अब सरकारी काम भी “होम डिलीवरी सर्विस” की तरह घर बैठे होंगे।
क्या लिखा है पोस्ट में
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस पोस्ट में लिखा गया है— “अब ज़ोमैटो और स्विगी की तरह पार्षद देगा आपको होम डिलीवरी सर्विस।” पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे कामों के लिए अब लोगों को पार्षद कार्यालय या सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बल्कि पार्षद हिमांशु शर्मा खुद लोगों के घर जाकर उनका काम करवाएंगे।
‘बस एक कप चाय तैयार रखना...’
पोस्ट की सबसे ज्यादा चर्चा इसके मजाकिया और देसी अंदाज़ को लेकर हो रही है। इसमें लिखा गया है कि “बस एक कप चाय तैयार रखना... क्योंकि आपका पार्षद आ रहा है आपके घर, यानी अपने घर।” यही लाइन सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा शेयर की जा रही है। कई लोग इसे जनता से जुड़ने का नया तरीका बता रहे हैं, तो कुछ यूजर्स इसे चुनावी स्टाइल का नया प्रचार भी कह रहे हैं।
सुबह-शाम घर पहुंचने का दावा
पोस्ट में बाकायदा सेवा का समय भी लिखा गया है। सुबह 7 बजे से 9 बजे तक और शाम 6 बजे से 8 बजे तक लोगों के घर जाकर काम करने की बात कही गई है। वहीं शनिवार और रविवार को अवकाश रहने का जिक्र भी पोस्ट में किया गया है। पोस्टर में स्कूटी पर डिलीवरी बॉय जैसी तस्वीर लगाकर “आपका पार्षद आपके द्वार” का संदेश दिया गया है। साथ ही “घर बैठे सुविधा”, “समय की बचत” और “बिना परेशानी सरकारी कार्य” जैसे स्लोगन भी दिए गए हैं। पोस्ट के आखिर में “जनसेवा ही मेरा उद्देश्य” लिखकर लोगों से इसे लाजपत नगर के हर घर तक पहुंचाने की अपील भी की गई है।
सोशल मीडिया पर लोग ले रहे चुटकी
फेसबुक पर हिमांशु शर्मा द्वारा डाली गई इस पोस्ट पर लोग मजेदार कमेंट भी कर रहे हैं। कोई इसे “सरकारी कामों का स्विगी मॉडल” बता रहा है तो कोई कह रहा है कि अब राजनीति भी पूरी तरह डिजिटल मार्केटिंग के दौर में पहुंच गई है। हालांकि, इस पोस्ट ने एक बात जरूर साबित कर दी कि जनता का ध्यान खींचने के लिए अब नेताओं के प्रचार और जनसंपर्क के तरीके तेजी से बदल रहे हैं।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।
Ghaziabad news
Himanshu Sharma
Home Delivery
Lajpat Nagar
local politics
Social Media
Viral Post
Ward Councillor
स्थान:
India
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें