बालमुकुंद रेजिडेंसी में बढ़ा विवाद: महिलाओं और बुजुर्गों पर केस दर्ज होने के विरोध में धरने पर बैठे निवासी

पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ धरने पर बैठे रेजिडेंट्स
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित बालमुकुंद रेजिडेंसी सोसाइटी में विवाद गहरा गया है। एओए की पूर्व अध्यक्ष एवं अधिवक्ता शबनम खान द्वारा सोसाइटी के 13 निवासियों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई से नाराज निवासी अब सोसाइटी गेट पर धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि सोसाइटी में वित्तीय अनियमितताओं के सवाल उठाने वालों को कानूनी मामलों में फंसाकर दबाव बनाया जा रहा है।

वित्तीय गड़बड़ी के आरोप

धरने पर बैठे निवासियों का कहना है कि पूर्व अध्यक्ष शबनम खान के कार्यकाल के दौरान सोसाइटी में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कई सवाल उठे थे। आरोप है कि इन मुद्दों की जवाबदेही से बचने के लिए लगातार निवासियों को लीगल नोटिस भेजे जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक पिछले कई महीनों से दर्जनों लोगों पर अलग-अलग आरोप लगाकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।

महिलाओं-बुजुर्गों पर मुकदमे

निवासियों ने आरोप लगाया कि अब सोसाइटी के 13 लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिनमें अधिकांश महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि सोसाइटी के हित, पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्था के लिए आवाज उठाने वालों को ही कानूनी विवादों में उलझाया जा रहा है। इसी के विरोध में लोगों ने शांतिपूर्ण धरना शुरू किया है।

निष्पक्ष जांच की मांग

धरने पर बैठे लोगों ने शासन और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सोसाइटी में लगातार बढ़ रहे विवाद का समाधान पारदर्शी तरीके से होना चाहिए और दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने अन्य निवासियों से भी समर्थन देने की अपील की है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ