गाजियाबाद। फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन सोसाइटीज (फ्रेंस) की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की पहली बैठक डब्लू सृष्टि सोसाइटी के क्लब हॉल में संपन्न हुई। इस बैठक में नई टीम को जिम्मेदारियों का हस्तांतरण किया गया और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए रणनीति तय की गई। बैठक में आगामी कार्ययोजना को अमल में लाने के लिए तीन अलग-अलग उपसमितियों का गठन किया गया।
प्राथमिकता पर रखे ये काम
फ्रेंस अध्यक्ष सचिन त्यागी ने कहा कि राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र शहरीकरण से जुड़ी लगभग हर समस्या से जूझ रहा है। सड़कों की खराब स्थिति, कूड़ा निस्तारण, जल संकट और फायर स्टेशन जैसी मूलभूत जरूरतें लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने कहा कि सभी मुद्दों पर एक साथ काम करना संभव नहीं है, इसलिए समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेकर चरणबद्ध तरीके से समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।
तीन समितियों को जिम्मेदारी
पहली उपसमिति क्षेत्र की सड़कों, कूड़ा निस्तारण और प्राधिकरण से जुड़ी समस्याओं के लिए बनाई गई है। इसकी जिम्मेदारी महासचिव डॉ. सीमा शर्मा को दी गई है, जिन्हें वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. सुबोध गुप्ता, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव और वरिष्ठ सचिव अभिनव त्यागी सहयोग करेंगे।
दूसरी उपसमिति भू-जल दोहन और गंगाजल परियोजना के लिए गठित की गई है। इसका दायित्व कार्यकारिणी सदस्य मंजीत चौहान को सौंपा गया है। उनके साथ दीपांशु मित्तल और कृष्ण कुमार यादव काम करेंगे। फ्रेंस का मानना है कि लगातार गिरते भू-जल स्तर से निपटने के लिए गंगा वाटर परियोजना क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत है।
फायर स्टेशन पर फोकस
तीसरी उपसमिति राजनगर एक्सटेंशन में फायर स्टेशन की मांग को लेकर बनाई गई है। इसकी जिम्मेदारी सुभाष कुमार चौहान को दी गई है, जबकि दुष्यंत त्यागी और कृष्ण कुमार यादव सहयोग करेंगे। बैठक में बैंक खाते से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया के लिए सचिव गणेश्वर रलहन और कोषाध्यक्ष गगन भारद्वाज को अधिकृत किया गया। जून माह में अगली समीक्षा बैठक प्रस्तावित की गई है। बैठक में मीडिया प्रभारी मोनू कुमार त्यागी, मोहित नारायण, आदित्य त्यागी सहित नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सभी 14 सदस्य उपस्थित रहे।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें