रिवर हाइट्स एओए चुनाव में बढ़ा रोमांच, सुबोध त्यागी और रितु चौधरी के पैनलों के बीच सीधी जंग


विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित रिवर हाइट्स सोसायटी का 14 जून को प्रस्तावित एओए चुनाव रद्द होने के बाद अब 21 जून को मतदान होगा। चुनाव के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मिलने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। प्रत्याशियों को प्रचार के लिए अधिक समय मिल गया है और विभिन्न पैनल अब निवासियों तक अपनी बात पहुंचाने में जुटे हैं। इस बार लगातार सात कार्यकाल तक एओए अध्यक्ष रहे सुबोध त्यागी अपनी पूरी टीम के साथ मैदान में हैं, जबकि उनका सीधा मुकाबला वर्तमान एओए सचिव रितु चौधरी के पैनल से माना जा रहा है।

सुबोध पैनल की ताकत

सुबोध त्यागी
सुबोध त्यागी पिछले कई वर्षों तक रिवर हाइट्स की एओए की कमान संभाल चुके हैं। 2025-26 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद गौरव विरमानी अध्यक्ष बने। इस बार सुबोध त्यागी ने फिर मजबूत पैनल के साथ चुनावी मैदान में उतरकर मुकाबले को त्रिकोणीय होने से रोक दिया है। उनके पैनल में अनिल कुमार मित्तल, अनुज कुमार, कामिनी शर्मा, परीक्षित बहल, रितेश कुमार अग्रवाल, संदीप गुप्ता, सरीता, शशि देव दिवेदी और विजय प्रकाश श्रीवास्तव उम्मीदवार के रूप में शामिल हैं। टीम अपने अनुभव और पुराने कार्यकाल के कामकाज को प्रमुख चुनावी मुद्दा बना रही है।

टीम सुबोध का चुनावी घोषणा पत्र

टीम सुबोध के घोषणापत्र में बड़े वादे

सुबोध त्यागी के मुताबिक उन्होंने अपनी टीम की चुनावी घोषणाओं में नियमित जीबीएम, वित्तीय पारदर्शिता, सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत बनाने, नए निवासियों की उचित सत्यापन प्रक्रिया सुनिश्चित करने और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण का वादा किया है। इसके अलावा सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने, निवासियों की भागीदारी बढ़ाने, समितियों को सक्रिय रखने और एओए के संचालन में अधिक जवाबदेही लाने का संकल्प भी जताया गया है। सुबोध त्यागी का दावा है कि सोसायटी के हित में निर्णय लेते समय सभी निवासियों की राय को प्राथमिकता दी जाएगी।

विवाद और चुनावी समीकरण

सुबोध त्यागी पिछले एक वर्ष के दौरान भी सोसायटी की राजनीति में लगातार सक्रिय रहे हैं। मौजूदा अध्यक्ष गौरव विरमानी के कार्यकाल में कई बार दोनों पक्षों के बीच सार्वजनिक मतभेद सामने आए, जिसके चलते रिवर हाइट्स की राजनीति चर्चा में रही। दूसरी ओर गौरव विरमानी स्वयं चुनाव मैदान में हैं, लेकिन हैरत की बात है कि पिछले चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने वाले गौरव विरमानी को इस बार अपने पैनल प्रत्याशी ही नहीं मिले। उनके साथ केवल आलोक शर्मा चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि दो प्रत्याशी निर्दलीय मैदान में हैं। ऐसे में मुख्य मुकाबला सुबोध त्यागी और रितु चौधरी के पैनलों के बीच सिमट का रह गया है। 21 जून को होने वाला मतदान तय करेगा कि रिवर हाइट्स की एओए की कमान अगले कार्यकाल में किस टीम के हाथों में जाएगी।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।


टिप्पणियाँ