रिवर हाइट्स में मतदान जारी, जीत-हार के गणित के बीच मिलीजुली सरकार की आशंका

अपने मताधिकार का प्रयोग करतीं वोटर रेजिडेंट
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की रिवर हाइट्स सोसायटी में एओए चुनाव के लिए मतदान जारी है और दोपहर ढाई बजे तक करीब 550 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। कुल 1042 पात्र मतदाताओं वाली सोसायटी में आधे से ज्यादा वोट पड़ने के बाद चुनावी माहौल और गर्म हो गया है। मतदान केंद्र पर लगातार मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है। जैसे-जैसे मतदान आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच जीत-हार के संभावित गणित को लेकर चर्चाएं भी तेज होती जा रही हैं।

आठ बूथों पर मतदान

मतदान प्रक्रिया को सुचारु और तेज बनाने के लिए मतदान केंद्र पर कुल आठ बूथ बनाए गए हैं। सुबह 10 बजे मतदान शुरू होने के बाद से सभी बूथों पर मतदाताओं की अच्छी मौजूदगी देखने को मिल रही है। कई बार बूथों के बाहर कतारें भी लगीं। सोसायटी के 19 टावरों और प्लॉट एरिया के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंच रहे हैं। मतदान शाम चार बजे तक जारी रहना है, जिसके बाद मतगणना शुरू होगी।

महिलाओं की संख्या अधिक

मतदान केंद्र पर पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाता अधिक दिखाई दे रही हैं। हालांकि इसकी वजह चुनावी रुझान नहीं बल्कि सोसायटी की स्वामित्व व्यवस्था है। बड़ी संख्या में फ्लैट महिलाओं के नाम पर पंजीकृत हैं और एओए बायलॉज के अनुसार केवल फर्स्ट ओनर को ही मतदान का अधिकार है। इसी कारण मतदान केंद्र पर महिलाओं की मौजूदगी अधिक नजर आ रही है। मतदान से पहले प्रत्येक मतदाता के दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जा रहा है।
मतदान के दौरान पुलिसकर्मी

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

मतदान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सोसायटी परिसर और मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। महिला मतदाताओं की संख्या को देखते हुए पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। मतदान केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई है ताकि चुनाव प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
मतदान पर नजर रखतीं चुनाव अधिकारी ऋचा चौधरी

ऋचा चौधरी रख रहीं निगरानी

चुनाव अधिकारी एवं सहायक मत्स्य निदेशक ऋचा चौधरी पूरी चुनाव प्रक्रिया पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और बायलॉज के अनुरूप कराया जा रहा है। अब तक किसी प्रत्याशी या मतदाता की ओर से किसी प्रकार की शिकायत या परेशानी सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि केवल फर्स्ट ओनर को ही मतदान का अधिकार दिया गया है और सभी नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।

बहुमत पर संशय बरकरार

मतदान अभी जारी है, लेकिन आधे से ज्यादा वोट पड़ने के बाद चुनावी तस्वीर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूर्व अध्यक्ष सुबोध त्यागी का पैनल फिलहाल सबसे मजबूत स्थिति में माना जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद किसी एक पैनल के स्पष्ट बहुमत तक पहुंचने के आसार कम दिखाई दे रहे हैं। ऋतु चौधरी पैनल और निर्दलीय प्रत्याशी भी मुकाबले में बने हुए हैं। ऐसे में नई एओए में सुबोध त्यागी पैनल, ऋतु चौधरी पैनल और निर्दलीय उम्मीदवारों के विजयी सदस्यों का मिश्रण देखने को मिल सकता है। चुनावी गणित फिलहाल मिलीजुली एओए की संभावना को ज्यादा मजबूत दिखा रहा है। हालांकि यह केवल मतदान के दौरान बन रही तस्वीर है और वास्तविक स्थिति देर शाम मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगी।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ