गुलमोहर गार्डन में ओपन जिम का हुआ लोकार्पण, सोसायटी के बुजुर्ग बने चीफ गेस्ट, काटा रिबन

ओपन जिम में कसरत करतीं महिलाएं
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर गार्डन सोसाइटी के निवासियों को स्वास्थ्य और फिटनेस की एक बड़ी सौगात मिली है। सोसाइटी परिसर में विधायक निधि से तैयार किए गए आधुनिक ओपन जिम का भव्य लोकार्पण संपन्न हो गया। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब निवासियों को कसरत और सेहत बनाने के लिए सोसाइटी से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
ओपन जिम का शुभारंभ करते सोसायटी के बुजुर्ग

बुजुर्गों को मिला विशेष सम्मान

इस लोकार्पण समारोह की सबसे खास बात यह रही कि इसके उद्घाटन के लिए किसी बाहरी मुख्य अतिथि को आमंत्रित करने के बजाय सोसाइटी के ही सम्मानित वरिष्ठ नागरिकों को चुना गया। बुजुर्गों ने अपने कर-कमलों से रिबन काटकर ओपन जिम की शुरुआत की, जिसे निवासियों ने बेहद सराहनीय कदम बताया। इस पल को पूरी सोसाइटी के लिए गर्व और सम्मान का विषय माना जा रहा है।
व्यायाम करते सोसायटीवासी

सभी आयु वर्ग में उत्साह

ओपन जिम में विभिन्न प्रकार के आधुनिक फिटनेस उपकरण लगाए गए हैं, जिनका लाभ सुबह और शाम की सैर के दौरान सभी आयु वर्ग के लोग उठा सकेंगे। विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों में इस सुविधा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।

रखरखाव और स्वच्छता की अपील

इस अवसर पर गुलमोहर गार्डन अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) की महासचिव आकांक्षा गुप्ता ने सभी निवासियों को बधाई दी। उन्होंने जनता से जिम्मेदारी की अपील करते हुए कहा कि यह हम सबकी अपनी संपत्ति है। सभी निवासी इस सुविधा का नियमित उपयोग करने के साथ-साथ इसकी स्वच्छता और रखरखाव में भी अपना पूरा सहयोग दें, ताकि यह बेहतरीन सुविधा लंबे समय तक सुचारू रूप से चलती रहे। इस दौरान सोसाइटी के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।


टिप्पणियाँ