 |
| अवैध रूप से लगाए पिलरों का विरोध करते निवासी |
विभु मिश्रा गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी में मंगलवार सुबह एम-1 टावर के नीचे बैडमिंटन कोर्ट के पास तीन लोहे के पिलर लगाए जाने से विवाद खड़ा हो गया। निवासियों का आरोप है कि इससे पहले से संकरा रास्ता और बाधित हो गया है, जिससे आग या अन्य आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हो सकता है। विरोध के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी, जीडीए और मुख्य अग्निशमन अधिकारी से करने का निर्णय लिया।
सुरक्षा पर उठे सवाल
सोसायटी के लोगों का कहना है कि पिलर ऐसे स्थान पर लगाए गए हैं, जहां से बड़े वाहनों का निकलना पहले ही मुश्किल था। अब फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए वहां तक पहुंचना और कठिन हो जाएगा। उनका आरोप है कि सुरक्षा मानकों और तकनीकी पहलुओं का आकलन किए बिना यह काम कराया गया, जिससे भविष्य में गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
जिम्मेदारी पर अलग-अलग दावे
निवासी दिनेश सिंह ने बताया कि उन्होंने आरडब्ल्यूए सचिव ए.के. दोहरे और पूर्व अध्यक्ष बिजेंद्र गिरी को मौके पर बुलाकर जानकारी दी। दोनों ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पिलर लगाने का कोई निर्देश नहीं दिया। वहीं, मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने दावा किया कि वे आरडब्ल्यूए मैनेजर राहुल त्यागी के निर्देश पर काम कर रहे हैं। दूसरी ओर, निवासी गौरव बंसल के अनुसार राहुल त्यागी ने फोन पर बताया कि यह कार्य कोषाध्यक्ष किंशुक बंसल के कहने पर कराया गया है।
कार्यकारिणी ने जताई अनभिज्ञता
कार्यकारिणी सदस्य रश्मि चौधरी और एडवोकेट राज किशोर शर्मा ने कहा कि उन्हें इस निर्णय की कोई जानकारी नहीं थी। उनका कहना है कि यदि कार्यकारिणी की सहमति के बिना यह काम हुआ है तो इसकी जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति से जवाब मांगा जाएगा। उनका कहना है कि सोसायटी से जुड़े ऐसे फैसले पारदर्शिता के साथ होने चाहिए।
अधिकारियों तक पहुंचेगा मामला
निवासियों ने तय किया है कि वे जिलाधिकारी, जीडीए उपाध्यक्ष और मुख्य अग्निशमन अधिकारी को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच, रास्ते से पिलर हटाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर निर्णय नहीं लिया गया तो किसी भी आपात स्थिति में होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें