मुरादनगर गंगनहर में मौतों पर फिर उठे सवाल, विधायक संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र...पुराने रहस्य भी हुए ताजा

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। मुरादनगर की गंगनहर (छोटा हरिद्वार) एक बार फिर रहस्यमयी मौतों को लेकर चर्चा में है। पिछले करीब एक महीने में यहां 10 से ज्यादा लोगों की मौत होने के बाद गाजियाबाद शहर के विधायक संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। विधायक का कहना है कि लगातार हो रही मौतों ने न केवल लोगों में भय पैदा किया है, बल्कि इन घटनाओं को लेकर कई तरह के सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

एक महीने में दस से ज्यादा मौतें

विधायक द्वारा भेजे गए पत्र के मुताबिक, हाल के दिनों में गंगनहर में नहाने के दौरान 10 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। इनमें उनकी विधानसभा क्षेत्र के रविंद्र पाल (29 वर्ष) और हरमोती उर्फ सन्नी (27 वर्ष) समेत कई लोग शामिल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई मृतक अच्छे तैराक थे, इसलिए इन घटनाओं को सामान्य हादसा मानने में लोगों को संदेह है। क्षेत्र में चर्चा है कि नहर के कुछ हिस्सों में ऐसी परिस्थितियां या अवरोध हो सकते हैं, जो अचानक लोगों को गहराई में खींच लेते हैं।
विधायक संजीव शर्मा

पुराने रहस्य फिर आए याद

गंगनहर में मौतों का सिलसिला नया नहीं है। कुछ साल पहले भी यहां लगातार डूबने और संदिग्ध परिस्थितियों में मौतों की घटनाओं ने पूरे जिले का ध्यान खींचा था। उस समय लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया था। उन्होंने मौके का दौरा कर प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी थी और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की सक्रियता बढ़ी, नहर किनारे निगरानी सख्त हुई और लोगों के डूबने की घटनाओं में काफी कमी भी देखने को मिली थी।

आभूषण गायब मिलने से गहराया था शक

पुरानी घटनाओं के दौरान सबसे ज्यादा हैरानी उस समय हुई थी जब कई महिला और पुरुषों के शवों से पहने गए सोने के आभूषण गायब मिले थे। मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस पर गंभीर सवाल उठाए थे। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद यह आशंका भी जताई जाने लगी थी कि कहीं इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। हालांकि उस समय कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आया, लेकिन गंगनहर की मौतों को लेकर रहस्य और संदेह लंबे समय तक बना रहा।

फिर उठी निष्पक्ष जांच की मांग

लगातार हो रही नई घटनाओं के बीच विधायक संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री से सभी मौतों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने गंगनहर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, खतरनाक स्थानों की पहचान कराने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई है। लगातार बढ़ती मौतों के बीच अब सवाल यह है कि क्या यह केवल हादसों की श्रृंखला है या फिर इसके पीछे कोई ऐसा सच छिपा है, जिसे सामने लाना जरूरी है। 

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ