नोएडा: एंथूरियम बिजनेस पार्क में निरस्त एसोसिएशन के नाम पर पर अवैध वसूली का आरोप, आवंटियों ने सौंपा ज्ञापन
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
नोएडा। सेक्टर-73 स्थित एंथूरियम बिजनेस पार्क के वास्तविक आवंटियों ने प्रबंधन के दरवाजे पर दस्तक देकर एक बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। आवंटियों का आरोप है कि सरकारी कागजों में दम तोड़ चुकी 'एओडब्ल्यूए' (एंथुरियम ऑफिस अलॉटीज वेलफेयर एसोसिएशन) के नाम पर कुछ लोग अब भी दुकान चला रहे हैं। संस्था का पंजीकरण निरस्त होने के बाद भी धड़ल्ले से सदस्यता रसीदें काटी जा रही हैं और सोशल मीडिया पर झूठ परोसकर नए निवेशकों को डराया जा रहा है। आक्रोशित यूनिट धारकों ने इस पूरे सिंडिकेट के खिलाफ सीधे कानूनी हंटर चलाने की मांग की है।
कागजों में खत्म, जमीन पर वसूली
बिजनेस पार्क के वास्तविक आवंटियों ने सौंपे गए ज्ञापन में साफ किया कि सक्षम प्राधिकारी द्वारा इस एसोसिएशन का रजिस्ट्रेशन काफी पहले ही रद्द किया जा चुका है। कानूनी हैसियत खत्म होने के बाद भी कुछ स्वयंभू नेता खुद को आवंटियों का नुमाइंदा बता रहे हैं। वे अलग-अलग सरकारी विभागों में फर्जी शिकायतें भेज रहे हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि इस मृत संस्था के नाम पर नए मेंबर जोड़कर उनसे मोटी रकम ऐंठी जा रही है, जो सीधे तौर पर धोखाधड़ी है।
इमेज खराब करने की साजिश
कारोबारियों का कहना है कि यह पूरा खेल सिर्फ पैसों की उगाही तक सीमित नहीं है। कुछ लोग सोशल मीडिया पर लगातार भ्रामक और नकारात्मक बातें फैला रहे हैं। इस प्रोपेगैंडा से एंथूरियम बिजनेस पार्क की साख पर बट्टा लग रहा है। यहां बड़ी पूंजी लगाने वाले नए निवेशकों, व्यापारियों और कॉर्पोरेट घरानों के बीच बेवजह डर और अविश्वास का माहौल तैयार किया जा रहा है ताकि लोग इनके जाल में फंस सकें। आवंटियों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दांव पर पंद्रह सौ नौकरियां
वर्तमान में इस हाईटेक परिसर के भीतर 400 से ज्यादा दफ्तर और कमर्शियल यूनिट्स सुचारू रूप से चल रही हैं। यहां हर दिन तकरीबन 1,500 से अधिक कर्मचारी अपनी आजीविका के लिए आते हैं। आवंटियों का तर्क है कि चंद लोगों की इस गैर-कानूनी हरकत की वजह से इतने बड़े व्यावसायिक केंद्र का माहौल बिगड़ रहा है। अगर समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो सैकड़ों परिवारों का रोजगार और करोड़ों का निवेश खतरे में पड़ जाएगा।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।
Business park
Fake association
Illegal collection
Investor security
Noida fraud
Property dispute
Real Estate
Sector 73
स्थान:
India
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें