राजनगर एक्सटेंशन में पार्टी में आये युवक की 9वीं मंजिल से गिरकर मौत, सुबह मिला शव

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी में शनिवार देर रात एक युवक की नौंवीं मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपने रिश्तेदार के यहां पार्टी में शामिल होने आया था। घटना की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सोसायटी परिसर में शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।

रिश्तेदार के यहां पार्टी

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 28 वर्षीय विक्टर उर्फ मिक्की के रूप में हुई है। वह शनिवार रात अपने रिश्तेदार के यहां आया था। सोसायटी के एफ-911 फ्लैट में देर रात पार्टी चल रही थी, जिसमें विक्टर उर्फ मिक्की के अलावा चार-पांच अन्य लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान वह नौंवीं मंजिल से नीचे गिर गया। हालांकि रात में किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी।

सुबह मिला युवक का शव

रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सोसायटी परिसर में युवक का शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मोरटा चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने पार्टी में मौजूद चार-पांच लोगों से पूछताछ की है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने एफ-911 फ्लैट का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। कार्यवाहक एसीपी नंदग्राम प्रियाश्री पाल ने बताया कि शुरुआती जांच में युवक के नशे की हालत में खुद गिरने की बात सामने आ रही है। हालांकि मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ