खाटू श्याम से हरिद्वार तक फेल हुआ प्लान, फिर 'बर्थडे' पार्टी में सीने में चाकू घोंप दोस्त को उतारा मौत के घाट
![]() |
| सड़क पर जाम लगाकर विलाप करते परिजन |
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक के शांति नगर में दो हफ्ते पुराने विवाद का बदला लेने के लिए दोस्तों ने खूनी साजिश रच डाली। आरोपी मोहित नाम के युवक को पहले खाटू श्याम और हरिद्वार ले जाकर मारने में नाकाम रहे, तो मंगलवार रात जन्मदिन की पार्टी का झांसा देकर उसे मौत के जाल में फंसा लिया। चाकू से गोदकर हुई इस हत्या के बाद बुधवार सुबह आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा काटा।
समझौते के बाद भी रंजिश
मृतक के भाई मनीष ने बताया कि करीब 15-20 दिन पहले मोहित का कुछ स्थानीय युवकों से विवाद हुआ था। हालांकि, मोहल्ले के बुजुर्गों ने बीच में पड़कर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था और ऊपर से दोस्ती दोबारा बहाल हो गई थी। मनीष का आरोप है कि इस समझौते के बाद भी आरोपी देव, न्याय, गौरव और हरि दिल में रंजिश पाले बैठे थे और मोहित को ठिकाने लगाने की साजिश रच रहे थे।
![]() |
| इनसेट में मोहित, परिजनों को समझाती पुलिस |
दो राज्यों में बुना जाल
परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने मोहित को मारने का प्लान काफी पहले बना लिया था। वे उसे पहले घुमाने के बहाने राजस्थान के खाटू श्याम लेकर गए, लेकिन वहां भीड़ के कारण मौका नहीं मिला। इसके बाद उसे उत्तराखंड के हरिद्वार ले जाया गया, पर वहां भी उनकी हिम्मत नहीं पड़ी। आखिरकार, हरिद्वार से लौटने के ठीक दो दिन बाद मंगलवार रात को उन्होंने नया चक्रव्यूह रचा और बर्थडे पार्टी का न्योता देकर मोहित को अपने घर बुला लिया।
जबरन शराब पिलाकर किया वार
भाई मनीष ने बताया कि पार्टी के दौरान आरोपियों ने योजना के तहत मोहित को जबरदस्ती जरूरत से ज्यादा शराब पिलाई ताकि वह विरोध न कर सके। जैसे ही मोहित नशे में बेसुध हुआ, आरोपियों ने उसके सीने में चाकू घोंप दिया। मोहित वहां बिल्कुल अकेला था और धोखे से हुए इस हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की बहन के अनुसार, इस पूरी वारदात में इन चारों के अलावा दो और लोग शामिल थे, यानी कुल 6 लोगों ने मिलकर हत्या की।
![]() |
| एसीपी प्रियाश्री पाल |
लगाया जाम, हत्यारोपी हिरासत में
बुधवार सुबह जैसे ही हत्या की खबर फैली, पूरे इलाके में तनाव फैल गया। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और रास्ता जाम कर दिया। भीड़ आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही थी। एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें