सोमवार से जीटी रोड की ओर से तहसील में चार पहिया की "नो एंट्री", लागू होगा वन-वे ट्रैफिक सिस्टम; जानिए क्या है नया प्लान!
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। सदर तहसील परिसर में रोजाना लगने वाले जाम और अव्यवस्थित यातायात को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। 13 जुलाई से यहां नई वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू होगी। इसे लेकर पुलिस अधिकारियों और सदर तहसील बार एसोसिएशन के बीच बैठक हो चुकी है, जिसमें व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने पर सहमति बनी है।
बैठक में बनी सहमति
पुलिस उपायुक्त यातायात के निर्देश और अपर पुलिस उपायुक्त यातायात के पर्यवेक्षण में 11 जुलाई को सदर तहसील परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात निरीक्षक द्वितीय, दयानंद नगर चौकी प्रभारी और सदर तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि तहसील क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से वन-वे व्यवस्था लागू की जा रही है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए इसके सफल संचालन में पुलिस को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।चार पहिया वाहनों के लिए बदले नियम
नई व्यवस्था के तहत सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक जीटी रोड स्थित सदर तहसील कट से किसी भी चार पहिया वाहन को तहसील परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान सभी चार पहिया वाहनों को मॉडल टाउन मार्ग, गांधी नगर मार्ग और अन्य वैकल्पिक मार्गों से होकर ही तहसील परिसर में प्रवेश करना होगा। इसके अलावा निबंधन भवन के सामने स्थित टी-प्वाइंट से भी सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक किसी भी वाहन को सीधे सदर तहसील मार्ग की ओर जाने की अनुमति नहीं रहेगी। पुलिस के आदेश में दोपहिया वाहनों के लिए किसी नए प्रतिबंध का उल्लेख नहीं किया गया है, इसलिए उन पर यह व्यवस्था लागू नहीं होगी।13 जुलाई से होगी शुरुआत
यातायात पुलिस के अनुसार यह नई वन-वे व्यवस्था सोमवार से पूरी तरह लागू कर दी जाएगी। हालांकि तहसील परिसर से बाहर निकलने वाले वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा और वे पहले की तरह निर्धारित मार्ग से बाहर जा सकेंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नई ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें और सुगम व सुरक्षित यातायात बनाए रखने में सहयोग दें, ताकि सदर तहसील क्षेत्र में जाम की समस्या कम हो सके।विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें