गाजियाबाद में नहीं थम रहा हाईराइज से मौत का सिलसिला, अब प्रतीक ग्रैंड की 27वीं मंजिल से गिरा युवक

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। गाजियाबाद की हाईराइज सोसायटियों में ऊंची मंजिलों से गिरकर मौत की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अब सिद्धार्थ विहार स्थित प्रतीक ग्रैंड सिटी सोसायटी में 23 वर्षीय पीएचडी छात्र की 27वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। मंगलवार देर शाम हुई घटना के बाद सोसायटी में हड़कंप मच गया। युवक का शव टावर सी-4 के यूजी फ्लोर पर लिफ्ट के सामने खुले हिस्से में मिला। सूचना के बाद पहुंची विजयनगर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी में अकेले ऊपर जाता दिखा

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक सोसायटी में अकेले ही सीढ़ियों की ओर जाता दिखाई दिया था। इसके बाद वह 27वीं मंजिल से नीचे गिर गया। घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। युवक के गिरने की जानकारी मिलते ही सोसायटी परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस घटना के पीछे की वजह जानने के लिए अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

एक सप्ताह से बुआ-फूफा के साथ था

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान राजस्थान के जोधपुर निवासी 23 वर्षीय वैभव सिंह के रूप में हुई है। वह दिल्ली के दीन दयाल कॉलेज से पीएचडी कर रहा था। बताया गया है कि वैभव पिछले करीब एक सप्ताह से अपनी बुआ संध्या और फूफा परमेंद्र के साथ प्रतीक ग्रैंड सिटी के फ्लैट में रह रहा था। घटना की जानकारी मिलने पर दोनों मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वैभव के राजस्थान में रहने वाले माता-पिता को भी घटना की सूचना दे दी है।

लिफ्ट के सामने मिला शव

एसीपी सिटी कोतवाली उपासना पांडेय के अनुसार, मंगलवार देर शाम टावर सी-4 के यूजी फ्लोर पर लिफ्ट के सामने खुले हिस्से में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मौके से मिले तथ्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है।

अगस्त में तीन और मौतें हुईं

हाईराइज इमारतों से गिरकर मौत का यह मामला अगस्त में गाजियाबाद में सामने आई ऐसी घटनाओं की कड़ी में नया मामला है। 12 अगस्त को लैंडक्राफ्ट गोल्फलिंक की 25वीं मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हुई थी। इसके अगले ही दिन महागुनपुरम सोसायटी में बॉक्सिंग खिलाड़ी प्रथम की 14वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। वहीं, बीते सप्ताह राजनगर एक्सटेंशन में 88 वर्षीय वृद्ध की आठवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने हाईराइज सोसायटियों में ऊंची मंजिलों की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ