ऑफिसर्स सिटी-2 में महिला मनोचिकित्सक ने पांचवीं मंजिल के फ्लैट से कूदकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर्स सिटी-2 सोसायटी में रविवार शाम एक 40 वर्षीय महिला मनोचिकित्सक ने इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली। सोसायटी के लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पांचवीं मंजिल से छलांग

घटना रविवार शाम करीब पौने सात बजे की है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान हेमका अग्रवाल (40) के रूप में हुई है। वह ऑफिसर्स सिटी-2 के फ्लैट संख्या एफ-509 में अकेली रहती थीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई और निवासी उन्हें तुरंत यशोदा अस्पताल लेकर पहुंचे।

पति से हो चुका तलाक

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हेमका अग्रवाल पेशे से मनोचिकित्सक थीं। उनका पति से तलाक हो चुका था और वह लंबे समय से फ्लैट में अकेली रह रही थीं। शुरुआती तौर पर अकेलापन और मानसिक तनाव आत्महत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जांच के बाद होगा खुलासा

सूचना मिलने पर पुलिस और मृतका के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मौके से मिले साक्ष्यों और परिजनों से पूछताछ के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच जारी है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ