- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
![]() |
| व्यापारियों को संबोधित करते नगरायुक्त |
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। हाउस टैक्स में राहत की मांग को लेकर आठ दिन से चल रहा व्यापारियों का धरना आखिरकार खत्म हो गया। नगर निगम ने व्यापारियों की मांग पर हाउस टैक्स में मिलने वाली छूट की अवधि 31 अगस्त तक बढ़ाने का फैसला लिया है। इसके साथ ही करदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए सभी जोन में हेल्प डेस्क लगाने और उनकी निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी देने की व्यवस्था की गई है।
आठ दिन बाद बनी सहमति
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और शहर विधायक संजीव शर्मा व्यापारियों के धरना स्थल पर पहुंचे और उनके साथ विस्तार से बातचीत की। उन्होंने हाउस टैक्स से जुड़ी राहत और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। नगर निगम की ओर से छूट की अवधि बढ़ाने के फैसले के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया। बातचीत में एमएसएमई योजना, 120 वर्ग फीट क्षेत्रफल वाली दुकानों को मिलने वाली राहत और ओटीएस योजना पर भी चर्चा हुई।
जोन स्तर पर मिलेगी मदद
नगर आयुक्त ने करदाताओं की परेशानी कम करने के लिए सभी जोन में विशेष हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश दिए हैं। यहां हाउस टैक्स से जुड़ी जानकारी, शिकायत और समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। हेल्प डेस्क की निगरानी के लिए सुपर जोनल अधिकारियों की तैनाती भी की गई है। अधिकारियों को नियमित रूप से संबंधित जोन में पहुंचकर करदाताओं की समस्याएं सुनने के निर्देश दिए गए हैं।
पांच अफसरों को जिम्मेदारी
कविनगर जोन की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, सिटी जोन की मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अनुरुद्ध कुमार, विजयनगर जोन की उपमुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज, मोहननगर जोन की मुख्य नगर लेखा परीक्षक विवेक सिंह और वसुंधरा जोन की जिम्मेदारी वरिष्ठ लेखा परीक्षक विमल कुमार को सौंपी गई है। सभी सुपर जोनल अधिकारी सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक अपने संबंधित जोन में मौजूद रहकर करदाताओं की शिकायतों का समाधान कराएंगे।
व्यापारियों ने जताया आभार
हाउस टैक्स की छूट बढ़ाने और आठ दिन से चल रहे धरने का समाधान कराने पर व्यापारियों ने शहर विधायक संजीव शर्मा और नगर आयुक्त का स्वागत किया। व्यापारियों ने करदाताओं के हित में फैसला लेने, जोन स्तर पर हेल्प डेस्क बनाने और शासन की योजनाओं की जानकारी देने के लिए अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। इस दौरान राज किशोर, राजू छाबड़ा, गौरव गर्ग समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे। टैक्स विभाग के अधिकारी और अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।
Ghaziabad Nagar Nigam
ghaziabad tax
house tax
MSME Scheme
municipal corporation
OTS Scheme
Tax Helpdesk
Tax Relief
Traders Protest
स्थान:
India
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें