पासपोर्ट वेरिफिकेशन के नाम पर मांगे 4 हजार, युवक के सवालों से पुलिसकर्मी की बोलती बंद, वीडियो वायरल

विभु मिश्रा
गाजियाबाद। पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया में होने वाला पुलिस वेरिफिकेशन एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गाजियाबाद के इंदिरापुरम का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वेरिफिकेशन के लिए घर पहुंचे पुलिसकर्मी और युवक के बीच पैसों को लेकर बातचीत हो रही है। युवक ने बातचीत को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में पुलिसकर्मी की ओर से की जा रही मांग और उसके बाद युवक के सवालों का सिलसिला साफ सुनाई दे रहा है।

मांगे चार हजार रुपए

वीडियो में पुलिसकर्मी युवक के दस्तावेज देखने के बाद उससे कहता है कि हिसाब-किताब कर लो। युवक रकम पूछता है तो पुलिसकर्मी दो से चार हजार रुपये देने की बात कहता है। युवक हैरानी जताते हुए पूछता है कि आखिर यह पैसा किस बात का लिया जा रहा है। इस पर पुलिसकर्मी कहता है कि जो होता है, दे दो और यह थाने में देना पड़ता है। बताया जा रहा है कि वीडियो में नजर आ रहा युवक सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और आईबीएम में कार्यरत है।

रसीद मिलेगी या नहीं

रुपयों की मांग सुनकर युवक पुलिसकर्मी से एक के बाद एक सवाल करने लगता है। वह पूछता है कि अगर यह पैसा थाने में दिया जाता है तो इसकी रसीद मिलेगी या नहीं। इसके बाद वह पूछता है कि क्या इस रकम पर इनकम टैक्स में छूट मिल सकती है। युवक यह भी जानना चाहता है कि रकम किस कैटेगरी में आती है और इसे कमीशन माना जाएगा या किसी दूसरी मद में। वह पुलिसकर्मी से यह भी कहता है कि अगर रसीद नहीं मिलेगी तो वह दिखाएगा कि उसने रिश्वत दी है। बातचीत में युवक बताता है कि पासपोर्ट ऑफिस में कई लोगों ने उसे पहले ही कहा था कि आगे पुलिसकर्मी आएंगे और हजार-पांच सौ रुपये मांगेंगे।

सवालों से भागा पुलिसकर्मी

युवक के लगातार सवालों के बीच पुलिसकर्मी असहज नजर आता है और वहां से उठकर जाने लगता है। पूरे घटनाक्रम को युवक ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया था, जिसके बाद अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि वीडियो में पुलिसकर्मी द्वारा रकम मांगे जाने की बातचीत तो है, लेकिन युवक द्वारा उसे रुपये दिए जाने का कोई दृश्य नहीं है। पुलिस का कहना है कि वीडियो काफी पुराना प्रतीत हो रहा है और अभी सामने आया है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ