80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति से गूंजा एनडीआरएफ परिसर, शहीदों को किया नमन

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। कमला नेहरू नगर स्थित आठवीं बटालियन एनडीआरएफ में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। वाहिनी कमांडेंट सुदेश कुमार ने तिरंगा फहराकर समारोह की शुरुआत की। एनडीआरएफ बैंड की धुन पर राष्ट्रगान हुआ और जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। समारोह में नन्हे बच्चों से लेकर रेस्क्यूअर्स तक ने उत्साह के साथ भागीदारी की।

शहीदों को दी श्रद्धांजलि

समारोह से पहले कमांडेंट सुदेश कुमार शहीद स्थल पहुंचे और देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों के त्याग और संघर्ष को याद करने का अवसर है। इसके बाद मुख्य समारोह में वंदे मातरम की प्रस्तुति ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया। एनडीआरएफ लिटिल स्टार्स प्ले स्कूल के बच्चों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कर्तव्य निभाने का संदेश

कमांडेंट ने अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, रेस्क्यूअर्स और उनके परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी के साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं। राष्ट्र निर्माण में हर व्यक्ति को अपनी भूमिका ईमानदारी से निभानी चाहिए। उन्होंने एनडीआरएफ कर्मियों से आपदा के समय लोगों की जान बचाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश सेवा की भावना ही बल की सबसे बड़ी ताकत है।

सामूहिक भोज में सहभागिता

समारोह के दौरान पूरा बटालियन परिसर तिरंगे और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में आठवीं बटालियन के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और रेस्क्यूअर्स मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन के बाद परिसर में बड़े खाने का आयोजन किया गया, जिसमें एनडीआरएफ के जवानों और अन्य कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से भोजन कर आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व का जश्न मनाया।


विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ