गुलमोहर गार्डन में स्वच्छता की नई पहल, कबूतरों की गंदगी पर प्रेशर वॉशिंग से सफाई

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की गुलमोहर गार्डन सोसायटी में स्वच्छता को लेकर एओए ने ऐसी पहल शुरू की है, जिसका असर अब सोसायटी के टावरों में साफ नजर आने लगा है। कबूतरों की बीट से गंदे रहने वाले स्थानों की मोटराइज्ड प्रेशर वॉशिंग कराकर सफाई की जा रही है। एओए की इस पहल को निवासियों की ओर से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और इसे नियमित रूप से जारी रखने की मांग की जा रही है।
प्रेशर वाशिंग से सफाई करते हुए कर्मी

गंदगी वाले हिस्सों पर नजर

एओए सचिव आकांक्षा गुप्ता ने बताया कि सोसायटी में कबूतरों की वजह से कई स्थानों पर बीट जमा थी। खासकर टावरों के कोनों, किनारों और ऐसे हिस्सों में जहां सामान्य सफाई आसानी से नहीं हो पाती, वहां गंदगी लंबे समय तक बनी रहती है। इसे देखते हुए एओए ने मोटराइज्ड प्रेशर वॉशिंग सिस्टम के जरिए इन स्थानों की सफाई शुरू कराई है। तय कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग टावरों में सफाई की जा रही है, जिससे पूरे परिसर को चरणबद्ध तरीके से कवर किया जा सके।
सोसायटी में सफाई करते कर्मचारी

स्वच्छता से स्वास्थ्य तक

सोसायटी निवासी सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि लंबे समय तक जमा कबूतरों की बीट से परिसर की स्वच्छता प्रभावित हो रही थी। इसके अलावा इसमें मौजूद जैविक अवशेषों के कारण बैक्टीरिया और फफूंद जैसे तत्व पनपने लगे थे। ऐसे में नियमित सफाई को केवल सोसायटी की सुंदरता से जोड़कर नहीं देखा जा रहा, बल्कि स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिहाज से भी इसे जरूरी माना जा रहा है। प्रेशर वॉशिंग के जरिए जमा गंदगी को बेहतर तरीके से हटाने की कोशिश की जा रही है।
सफाई के बाद चमकता फर्श

निरंतर सफाई की मांग

निवासियों ने एओए की इस पहल का स्वागत करते हुए इसकी सराहना की है। उनका कहना है कि सोसायटी में सफाई के लिए इस तरह की व्यवस्था लगातार चलती रहनी चाहिए, ताकि कबूतरों की बीट दोबारा लंबे समय तक जमा न हो। निवासियों ने सफाई की जरूरत वाले स्थानों की जानकारी कर्मचारियों तक पहुंचाने में सहयोग की बात भी कही है। लोगों का मानना है कि नियमित निगरानी और सफाई से सोसायटी की स्वच्छता के साथ उसकी सुंदरता भी बनी रहेगी।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ