स्वतंत्रता दिवस पर गुलमोहर गार्डन में देशभक्ति का रंग, शौर्य चक्र विजेता अभिमन्यु सिंह का हुआ सम्मान

कैप्टन अभिमन्यु सिंह को सम्मानित करते एओए अध्यक्ष
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुलमोहर गार्डन में शनिवार को देशभक्ति और उत्साह से भरा समारोह आयोजित किया गया। तिरंगे के नीचे आयोजित कार्यक्रम में सोसायटीवासियों ने आजादी के पर्व को पूरे जोश के साथ मनाया। कार्यक्रम में देशसेवा से जुड़े पूर्व एवं वर्तमान सैन्य अधिकारियों और वीर जवानों की मौजूदगी ने समारोह को खास बना दिया।

शौर्य चक्र विजेता सम्मानित

समारोह में मुख्य अतिथि ग्रुप कैप्टन अभिमन्यु सिंह को गुलमोहर गार्डन परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। भारत सरकार ने उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया है। अभिमन्यु सिंह का गुलमोहर गार्डन से पारिवारिक जुड़ाव भी है। उनके पिता तेजवीर सिंह और मां इसी सोसायटी में रहते हैं। इस वजह से सोसायटी के लोगों के लिए उनका सम्मान विशेष गौरव का अवसर रहा।
सोसायटी में तिरंगा यात्रा निकलते कैडेट

अनुशासन को बताया जरूरी

सम्मान के बाद ग्रुप कैप्टन अभिमन्यु सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि देशसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए सबसे पहले खुद को अनुशासित रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को उसका उचित सम्मान देना भी जरूरी है। उनके मुताबिक अनुशासन, सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने इन मूल्यों को देश और समाज के लिए बेहतर योगदान का आधार बताया।

सैन्य वीरों का हुआ स्वागत

कार्यक्रम में गुलमोहर गार्डन में रहने वाले कई पूर्व एवं वर्तमान सैन्य अधिकारियों तथा वीर जवानों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। देश की सेवा कर चुके और वर्तमान में सेवा दे रहे इन सदस्यों की मौजूदगी से समारोह की गरिमा बढ़ी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश की रक्षा और सेवा में योगदान देने वाले इन लोगों के प्रति सम्मान भी प्रकट किया गया।

पदाधिकारियों ने संभाली कमान

कार्यक्रम का संचालन सचिव श्रीमती आकांक्षा मित्तल और अध्यक्ष  मुकेश भाटनगर के नेतृत्व में किया गया। दोनों ने आयोजन की व्यवस्थाओं को जिम्मेदारी के साथ संभाला। समारोह में रोशन लाल कौल, सूबेदार दीपक अधिकारी, दीपक कुमार, विंग कमांडर वीरेंद्र पाल सिंह पवार, कर्नल नरेंद्र सिंह असवाल, ग्रुप कैप्टन संजय कांत बीएसएम, जूनियर वारंट ऑफिसर प्रदीप शर्मा, असिस्टेंट कमांडेंट बीएसएफ नंद राम ममगैन, कैप्टन चंद्र सिंह बथियाल, आर. पी. शर्मा, रमेश भूतानी, अश्वनी मित्तल, के. चंद्रा सेकरम, पी. चिल्कोटी, इंद्रा सिंह अधिकारी, सार्जेंट दीपक सिरोही, एक्स-ब्लैक कैट कमांडो राजवीर सिंह, संजीत, वारंट ऑफिसर वीरभान त्यागी, गौरव तोमर, सार्जेंट सत्यव्रत गांगुली और मेजर अनुभव गांगुली, अवधेश मित्तल, सचिन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर गुलमोहर गार्डन परिवार ने सभी वीर जवानों, पूर्व सैनिकों, सैन्य अधिकारियों और उनके परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ