गुलमोहर एनक्लेव में तिरंगे की बेअदबी! जमीन पर पड़ा मिला राष्ट्रीय ध्वज

जमीन पर पड़ा तिरंगा झंडा
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव में स्वतंत्रता दिवस के बाद राष्ट्रीय ध्वजों को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। सोसायटी में लगाए गए कुछ तिरंगे 17 अगस्त तक नहीं हटाए गए। इनमें एक तिरंगा जमीन पर पड़ा मिला, जबकि दूसरा पौधे की जाली में उलझा हुआ दिखाई दिया। मामला सामने आने के बाद निवासियों ने जिम्मेदार लोगों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

जगह-जगह दिखी लापरवाही

स्वतंत्रता दिवस से पहले आरडब्ल्यूए सचिव की ओर से गुलमोहर एनक्लेव और सेंट्रल पार्क में तिरंगे लगाए गए थे। स्वतंत्रता दिवस समाप्त होने के बाद इन ध्वजों को सम्मानपूर्वक उतारने और सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही बरती गई। सोसायटी में अलग-अलग स्थानों पर लगे तिरंगे लंबे समय तक उसी स्थिति में रहे। सामने आई तस्वीरों में एक तिरंगा जमीन पर पड़ा और दूसरा पौधे की जाली में फंसा नजर आया।

डीएम और कमिश्नर से शिकायत

मामले को लेकर सोसायटी निवासी गौरव बंसल ने जिलाधिकारी और कमिश्नर को पत्र भेजा है। उन्होंने आरडब्ल्यूए सचिव की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की मांग की है। गौरव बंसल का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज केवल सजावट का हिस्सा नहीं, बल्कि देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में उसके रखरखाव और स्वतंत्रता दिवस के बाद सम्मानपूर्वक हटाने में किसी तरह की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

पहले भी दी गई थी सूचना

निवासी दिनेश सिंह ने बताया कि तिरंगों को समय से हटाने के लिए सोसायटी के व्हाट्सऐप ग्रुप में कई बार संदेश भी भेजे गए थे। इसके बावजूद ध्वजों को नहीं हटाया गया। निवासियों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगा लगाना जितना सम्मान का विषय है, उतना ही जरूरी पर्व के बाद उसे निर्धारित तरीके से उतारना भी है। जमीन पर राष्ट्रीय ध्वज पड़ा मिलना इसी जिम्मेदारी में बरती गई गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। गौरव बंसल ने अधिकारियों से मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बनने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ