 |
| राजनगर एक्सटेंशन की बदल सड़क |
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में जर्जर सड़कों और बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को लेकर रालोद युवा ने आवाज उठाई है। राष्ट्रीय लोकदल के युवा महानगर अध्यक्ष तुषार कौशिक ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर क्षेत्र की सड़कों की हालत सुधारने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
सड़कों पर बने गहरे गड्ढे
 |
| तुषार कौशिक |
तुषार कौशिक ने पत्र में कहा कि राजनगर एक्सटेंशन की कई सड़कें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। सड़कें जगह-जगह से टूट चुकी हैं और इनमें बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और खराब हो जाती है। इससे वाहन चालकों को परेशानी होती है और वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ दोपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर हादसों का शिकार होने का खतरा बना रहता है।
कई प्रमुख सड़कें बदहाल
उन्होंने बताया कि देविका स्काईपर्स के सामने की सड़क, गुलमोहर के बैक गेट की सड़क, ब्रेव हार्ट्स से पांच नंबर भट्टा की ओर जाने वाली सड़क, हम तुम रोड और गॉड्स वैली फार्म हाउस के बराबर वाली सड़क समेत क्षेत्र की कई क्षेत्र की ज्यादातर सड़कें खराब हालत में हैं। बारिश के बाद इन सड़कों पर जलभराव होने से लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। सबसे बुरे हालात हम तुम रोड और देविका स्काइपर रोड के हैं। यहां पैदल चलने वालों के लिए तो जान जोखिम डालकर निकलने जैसा हो गया है।
स्थायी समाधान की मांग
तुषार कौशिक ने कहा कि स्थानीय निवासी सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर कई बार शिकायत करने के साथ प्रदर्शन भी कर चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री से नगर निगम, जीडीए और संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही सड़कों की मरम्मत या पुनर्निर्माण, जल निकासी और सफाई की उचित व्यवस्था कराने के निर्देश देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर इस जनसमस्या को और मजबूती से उठाया जाएगा।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें