गाजियाबाद। शालीमार गार्डन पुलिस और ट्रांस हिंडन जोन की स्वाट/सर्विलांस टीम ने नकली सप्लीमेंट और एलोपैथिक दवाओं को तैयार कर बाजार में बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 50 लाख रुपये कीमत का नकली माल, दवाइयां, इंजेक्शन, सप्लीमेंट, पैकिंग सामग्री और खाली कार्टन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह नामी कंपनियों के नाम और मोनोग्राम का इस्तेमाल कर तैयार उत्पादों को ऊंचे दामों पर बेचता था।
दिल्ली से आता था कच्चा माल
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों दिलीप पाण्डेय और वीरभान उर्फ रवि ने पूछताछ में बताया कि उन्हें दवाइयों और फूड प्रोडक्ट का कच्चा माल, प्रिंटिंग लेबल, प्रिंटेड मोनो कार्टन और खाली प्लास्टिक की शीशियां दिल्ली के मोहित और आदिल से मिलती थीं। इसके बाद इनकी पैकिंग कर तैयार उत्पाद बनाए जाते थे। आरोपियों ने बताया कि कई देशों के नाम-पते और कंपनियों के फर्जी लेबल तैयार कर इन उत्पादों को बाजार में उतारा जाता था। नामी कंपनियों के नाम और मोनोग्राम का इस्तेमाल कर इन्हें अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाया जाता था।
विजयनगर में गोदाम, दुकानें भी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तैयार माल को विजयनगर में न्यूट्रिशन वर्ल्ड और न्यूट्रिशन अड्डा नाम से दुकान चलाने वाले आरोपियों तक पहुंचाया जाता था। रोहित वक्शी उर्फ लड्डू, हन्नी कुलश्रेष्ठ और आर्यन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में हन्नी ने बताया कि वह ललित शर्मा के कामकाज को संभालता था और इसके बदले उसे हिस्सा मिलता था। रोहित ने ललित शर्मा को अपना मामा बताते हुए कारोबार में साझेदारी की बात कही, जबकि आर्यन उसके अकाउंटेंट के रूप में काम करने और गोदाम व दुकान के काम संभालने की बात पुलिस को बताई। पुलिस के अनुसार विजयनगर स्थित गोदाम ललित शर्मा का है और वहां आने वाले माल की खरीद-बिक्री वही करता था।
दवाइयों से इंजेक्शन तक बरामद
डीसीपी सिटी/ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि मौके से क्लियर-1, क्लियन 60 एमजी, एंड्रोलिक 60 एमजी, डायनाबोल, टेस्टोलोन आरएडी समेत कई तरह की दवाइयां बरामद की हैं। इसके अलावा पेप्टाइड्स, इंजेक्शन और संदिग्ध स्टेरॉयड की गोलियां भी मिली हैं। बड़ी मात्रा में डाइट सप्लीमेंट, गेनर, मल्टीविटामिन, खाली कार्टन, होलोग्राम और बिना लेबल की सामग्री भी बरामद हुई। उन्होंने बताया कि बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। बिना लेबल वाली लाल रंग की गोलियों के स्टेरॉयड होने का संदेह जताया गया है, जिसकी जांच कराई जा रही है।
पांच आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों में दिलीप पाण्डेय निवासी ओल्ड सीमापुरी दिल्ली, वीरभान उर्फ रवि निवासी ओल्ड सीमापुरी दिल्ली, रोहित वक्शी उर्फ लड्डू निवासी विजयनगर, हन्नी कुलश्रेष्ठ निवासी शिवपुरी और आर्यन निवासी सेक्टर-9 विजयनगर शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में थाना शालीमार गार्डन में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नकली उत्पादों की सप्लाई के स्रोत की जांच कर रही है।विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें