औद्योगिक सुरक्षा की नई चुनौतियों पर गाजियाबाद में मंथन, टाटा स्टील के मंच पर जुटे उद्योग

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। बदलती औद्योगिक जरूरतों के साथ कार्यस्थल की सुरक्षा को लेकर सामने आ रही नई चुनौतियों पर गाजियाबाद में विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों और सुरक्षा विशेषज्ञों ने मंथन किया। टाटा स्टील की ओर से आयोजित ‘सेफ्टी कनेक्ट’ कार्यक्रम में उद्योगों के बीच सुरक्षा से जुड़े अनुभव साझा करने, बेहतर प्रक्रियाओं को अपनाने और तकनीक के जरिए सुरक्षित कार्यस्थल तैयार करने पर जोर दिया गया।

सुरक्षा चुनौतियों पर हुआ मंथन

‘सेफ्टी कनेक्ट–गाजियाबाद में उद्योगों के लिए एक पहल’ में 15 से अधिक उद्योगों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रोफेशनल्स और फैक्टरी डायरेक्टरेट के अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में गाजियाबाद के फैक्टरीज के डिप्टी डायरेक्टर आलोक कुमार सिंह, असिस्टेंट डायरेक्टर सुरेंद्र बहादुर, असिस्टेंट डायरेक्टर कृपांशु गुप्ता और DGFASLI के पूर्व डायरेक्टर जनरल डॉ. अवनीश सिंह मौजूद रहे। चर्चा का उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा के बेहतर तरीकों को बढ़ावा देना, आपसी सहयोग बढ़ाना और कार्यस्थल पर सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान तलाशना रहा।

प्रमुख उद्योगों ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में डाबर, हैवेल्स, श्रीराम पिस्टन्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, मोहन मीकिन्स, पंजाब बेवेल एंड गियर्स और आइन्स टेक्निक सहित कई प्रमुख उद्योगों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम जैसी नेचुरल गैस बॉटलिंग एवं पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि भी इसमें शामिल हुए। कार्यक्रम के टेक्नोलॉजी पार्टनर नोवैक टेक्नोलॉजीज ने औद्योगिक सुरक्षा को तकनीक के माध्यम से मजबूत करने के लिए नए सुरक्षा समाधान पेश किए।

विजन जीरो को लेकर चर्चा

DGFASLI के पूर्व डायरेक्टर जनरल डॉ. अवनीश सिंह ने सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने और भारत में ‘विजन जीरो रेटिंग सिस्टम’ को बढ़ावा देने से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने ‘इंडो-जर्मन कोऑपरेशन फॉर सेफ्टी, हेल्थ एंड वेलबीइंग’ के साथ अपने काम और सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को भी साझा किया। कार्यक्रम में सुरक्षा को केवल नियमों और प्रक्रियाओं तक सीमित रखने के बजाय इसे उद्योगों की कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।

टाटा स्टील टीम की अहम भूमिका

कार्यक्रम को टाटा स्टील की सुरक्षा नेतृत्व टीम का सक्रिय सहयोग मिला। टाटा स्टील जमशेदपुर और डाउनस्ट्रीम के चीफ सेफ्टी रवि शंकर मिश्रा, डाउनस्ट्रीम के हेड-सेफ्टी सुनील कुमार, टाटा स्टील नॉर्थ के सीनियर एरिया मैनेजर-सेफ्टी आकाश कुमार तिवारी और सेफ्टी ऑफिसर चंद्र शेखर सिंह की पूरी टीम ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। टीम ने कार्यक्रम में शामिल उद्योगों, फैक्टरी डायरेक्टरेट के अधिकारियों, टेक्नोलॉजी पार्टनर्स और अन्य हितधारकों के साथ तालमेल स्थापित किया।

साझा समाधान तलाशने की पहल

‘सेफ्टी कनेक्ट’ के माध्यम से टाटा स्टील ने उद्योगों को ऐसा मंच उपलब्ध कराने की पहल की, जहां सुरक्षा से जुड़े अनुभव और जानकारियां साझा की जा सकें। साथ ही, औद्योगिक सुरक्षा की बदलती चुनौतियों पर मिलकर चर्चा कर सुरक्षित कार्यस्थल के लिए नए समाधान तलाशे जा सकें। इस पहल को पूरे औद्योगिक इकोसिस्टम में सहयोग और साझा जिम्मेदारी के आधार पर सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक कदम माना गया।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ