21वीं सदी भारत की होगी, अधिवक्ता समाज को जागरूक रखने में निभाएं भूमिका : मेघवाल

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। नेहरूनगर स्थित पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में शनिवार को अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद का दो दिवसीय क्षेत्रीय अधिवेशन शुरू हुआ। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भारत के वैश्विक शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही, जबकि परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष जस्टिस एन. नागरेश ने लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ भ्रम फैलाने के प्रयासों से समाज को सजग करने का आह्वान किया। अधिवेशन में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों, तहसीलों और उच्च न्यायालय से 1200 से अधिक अधिवक्ता शामिल हुए।

दीप प्रज्ज्वलन से शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और संपूर्ण वंदेमातरम के गायन से हुई। ब्रज प्रांत के उपाध्यक्ष सतपाल सिंह तोमर ने अधिवेशन के विधिवत प्रारंभ की घोषणा करते हुए अतिथियों और आगंतुकों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने 1893 में भारत के भविष्य को लेकर तीन भविष्यवाणियां की थीं। इनमें भारत की स्वतंत्रता, रूस की क्रांति और 21वीं सदी भारत की होने की बात कही गई थी। पहली दो भविष्यवाणियां सच हो चुकी हैं और तीसरी भी सत्य होने की दिशा में है।

भारत करेगा एशिया का नेतृत्व

मेघवाल ने कहा कि एशिया विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभर रहा है और भारत उसका नेतृत्व करने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट और एडवोकेट इंश्योरेंस समेत परिषद की ओर से पहले दिए गए सुझावों को आगे बढ़ाया गया है। अधिवेशन में मिलने वाले सुझावों पर भी सरकार काम करेगी।

फेक डाटा पर जताई चिंता

विशिष्ट अतिथि जस्टिस एन. नागरेश ने कहा कि अधिवक्ता परिषद अधिवक्ताओं को समाज का नेता मानती है। स्वतंत्रता संग्राम में भी अधिवक्ताओं की सक्रिय भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक फिर विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने हाल के आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं पर संदेह पैदा करने के लिए आरोपों के साथ फेक डाटा का इस्तेमाल किया जा रहा है। जागरूक अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे समाज को ऐसे प्रयासों के प्रति सजग रखें और ऐसी मंशाओं को सफल न होने दें।

1200 से अधिक अधिवक्ता जुटे

अधिवक्ता परिषद के राष्ट्रीय मंत्री चरण सिंह त्यागी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश राय, क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री हरि बोरेकर और गाजियाबाद इकाई की अध्यक्षा श्रद्धा सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय संयोजक विपिन त्यागी ने किया। अधिवेशन में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जनपदों व तहसीलों के साथ उच्च न्यायालय से 1200 से अधिक अधिवक्ता पहुंचे हैं।

इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग, हिंदू जागरण मंच के क्षेत्र संयोजक परमेंद्र शेखावत, गाजियाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रह्म देव त्यागी, पूर्व अध्यक्ष राकेश त्यागी, सचिव नरेश चौधरी, काशी प्रांत के महामंत्री नीरज सिंह, अध्यक्ष एनसी त्रिपाठी, अवध प्रांत की महामंत्री मीनाक्षी परिहार और उत्तराखंड की अध्यक्षा जानकी सूर्या समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ