एक ही बेड पर सो रही दो बहनों को सांप ने डसा, एक की मौत; दूसरी की हालत गंभीर

फाइल फोटो: मृतका मानवी, अस्पताल में भर्ती पलक


विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के नगोला अमीनपुर गांव में एक ही परिवार की दो बेटियों को एक रात में सांप ने डस लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अलग-अलग अस्पताल लेकर दौड़े। उपचार के दौरान 9 वर्षीय छोटी बेटी मानवी की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय पलक का मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पहले छोटी बेटी को डसा

परिजनों के अनुसार 29 सितंबर की रात करीब चार बजे दीपक की 9 वर्षीय बेटी मानवी ने सांप के डसने की जानकारी दी। परिवार के लोग उसे पिलखुवा स्थित जीएस हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन मानवी को लेकर मेरठ के लिए रवाना हुए। इसी बीच पता चला कि 14 वर्षीय पलक को भी सांप ने डस लिया है। मानवी को पीले रंग की उल्टी हो रही थी और कुछ देर बाद पलक को भी इसी तरह की उल्टी होने लगी।

बेटी की मौत की खबर आई

दोनों बच्चियों की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें अलग-अलग अस्पताल ले जाने का फैसला किया। मानवी को हापुड़ की ओर ले जाया गया, जबकि पलक को मेरठ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। दीपक पलक को लेकर मेरठ जा रहे थे, तभी रास्ते में परिवार के लोगों ने फोन कर मानवी की मौत की सूचना दी। बेटी की मौत की खबर सुनकर दीपक बीच रास्ते से ही घर लौट आए। घर पहुंचने पर पलक की हालत भी बेहद गंभीर मिली।

दूसरी बेटी का इलाज जारी

मानवी को घर पर छोड़कर परिजन पलक को लेकर दोबारा मेरठ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां उसका उपचार शुरू किया गया। परिजनों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने और उपचार मिलने से पलक की जान बच गई। फिलहाल वह खतरे से बाहर बताई जा रही है और उसका इलाज चल रहा है। एक ही रात में दो बेटियों को सांप के डसने और मानवी की मौत से दीपक के परिवार में मातम पसरा है। घटना के बाद गांव में भी शोक और दहशत का माहौल है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ