- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले के मामले में एफआईआर दर्ज होने के करीब एक महीने बाद भी आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि हमले के बाद उन्होंने आरोपियों के नाम पुलिस को बताए, लेकिन अब तक न तो उनसे पूछताछ की गई और न ही गिरफ्तारी की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उसे अब भी जान का खतरा बना हुआ है।
दुकान से लौटते समय हमला
मुरादनगर निवासी शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि वह गोविंदपुरम के सी-ब्लॉक में किराने की दुकान चलाते हैं। 24 सितंबर की रात करीब 10:45 बजे दुकान से घर लौटते समय मधुबन बापूधाम क्षेत्र में उन पर हमला किया गया। शिकायत के मुताबिक हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और सिर में करीब 25-30 टांके आए थे और एक हाथ की दो हड्डियां टूट गईं थीं। इस मामले में उनके भाई ने मधुबन बापूधाम थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।
पुलिस को बताए आरोपियों के नाम
शिकायतकर्ता प्रदीप शर्मा का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस को हमले में शामिल लोगों के नाम बताए थे। इसके बावजूद करीब एक महीना बीत जाने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों से पूछताछ तक नहीं की गई और न ही उन्हें कोई नोटिस दिया गया। पीड़ित के मुताबिक आरोपी खुले घूम रहे हैं, जिससे उन्हें और उनके परिवार को खतरा बना हुआ है।
मोबाइल भी बरामद नहीं
पीड़ित ने शिकायत में घटना के बाद अपना मोबाइल नहीं मिलने की बात भी कही है। उसका आरोप है कि मोबाइल को ट्रेस करने और घटना के समय उसकी लोकेशन से संबंधित जांच के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उसने यह भी कहा कि घटना के समय संबंधित स्थान पर कौन-कौन से मोबाइल सक्रिय थे, इसकी जानकारी जुटाने के लिए आवश्यक डंप डेटा की जांच भी नहीं की गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस की इस कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। साथ ही आरोप लगाया है कि पुलिस उन्हें संतोषजनक जवाब भी नहीं दे रही है।
जांच में देरी का आरोप
दी गई शिकायत में प्रदीप शर्मा ने कहा है कि एफआईआर की कॉपी उन्हें मिल चुकी है, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता से जांच नहीं कर रही है। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
परिवार की सुरक्षा की मांग
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि घटना के बाद से उसे और उसके परिवार को सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उसका कहना है कि आरोपी खुले घूम रहे हैं और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उसने मामले में आवश्यक कार्रवाई के साथ परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।
Attack Case
Criminal Case
FIR 294/2026
Ghaziabad Crime
Ghaziabad news
Ghaziabad Police
Madhuban Bapudham
police investigation
स्थान:
India
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें