करियर की राह दिखाने को आगे आई एनजीओ "आयाम परिवर्तन", छात्राओं को बताए नए विकल्प



विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद किस क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपने भविष्य को किस दिशा में ले जाएं, यह सवाल अक्सर छात्राओं के सामने होता है। इसी उलझन को दूर करने और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था आयाम परिवर्तन ने नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज, सिहानी में करियर मार्गदर्शन कार्यशाला आयोजित की। इसमें कक्षा 11वीं और 12वीं की छात्राओं को उच्च शिक्षा और करियर के नए अवसरों से परिचित कराया गया।

उभरते करियर विकल्पों की जानकारी

कार्यशाला में छात्राओं को वर्तमान समय में उपलब्ध आधुनिक और उभरते करियर विकल्पों के बारे में बताया गया। उन्हें अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता को ध्यान में रखकर भविष्य की राह चुनने के लिए प्रेरित किया गया। संस्था की इंटर्न मणिका श्रीवास्तव और मीडिया निदेशक काव्या सिन्हा ने कार्यशाला का संचालन किया। इस दौरान संस्था की सचिव स्तुति भूषण और मुख्य वक्ता शिल्पी शर्मा भी मौजूद रहीं।

बालिकाओं की प्रगति का संकल्प

संस्था की सचिव स्तुति भूषण ने कहा कि आयाम परिवर्तन बालिकाओं की शिक्षा और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है। छात्राओं को भविष्य में भी जिस तरह के मार्गदर्शन और सहयोग की जरूरत होगी, संस्था उन्हें उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने और उनके लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

सवालों से दूर की शंकाएं

कार्यशाला के अंतिम चरण में प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपने करियर और भविष्य से जुड़े सवाल पूछकर शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासन, शिक्षिकाओं और छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की। संस्था की यह पहल छात्राओं को सही करियर चुनने के लिए जागरूक करने और उच्च शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ