गाजियाबाद में 11 ठिकानों पर ही बिकेंगे ग्रीन पटाखे, 5 से 7 नवंबर तक होगी बिक्री; जानिए कहां से खरीद सकेंगे...

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। दीपावली से पहले गाजियाबाद में पटाखों की बिक्री को लेकर प्रशासन ने व्यवस्था तय कर दी है। जिले में तीनों जोन में कुल 11 स्थानों पर अस्थायी दुकानें लगाने की अनुमति दी गई है। इन दुकानों पर 5 से 7 नवंबर तक ही पटाखों की बिक्री होगी और सिर्फ ग्रीन पटाखे ही बेचे जा सकेंगे। इसके लिए अस्थायी लाइसेंस और अग्नि सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।

इन 11 जगहों पर होगी बिक्री

नगर क्षेत्र में घंटाघर, कविनगर और विजयनगर सेक्टर-9 रामलीला मैदान को बिक्री के लिए चुना गया है। ट्रांस हिंडन में इंदिरापुरम थाने के पीछे आवास विकास की जमीन, साहिबाबाद गोल पार्क रामलीला मैदान और टीला मोड़ स्थित ऑक्सी होम के सामने खाली मैदान निर्धारित किया गया है। देहात क्षेत्र में गढ़ी कटैया नगर पालिका मैदान, लोनी इंटर कॉलेज मैदान, मोदीनगर का केएन मोदी मैदान, सारा रोड स्थित महर्षि इंटर कॉलेज मैदान और मुरादनगर चुंगी नंबर-3 रामलीला मैदान शामिल हैं।

नियमों के घेरे में दुकानें

पटाखा दुकानदारों को अस्थायी लाइसेंस के साथ अग्निशमन विभाग की एनओसी और सुरक्षा इंतजाम करने होंगे। दुकानों का आकार और उनके बीच दूरी भी निर्धारित की गई है। बिक्री 5 नवंबर से शुरू होकर 7 नवंबर तक ही चलेगी। नियमों के तहत पारंपरिक, हानिकारक या प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर रोक रहेगी और केवल अनुमत ग्रीन पटाखे ही बेचे जा सकेंगे। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

अवैध कारोबार पर सवाल

एक ओर प्रशासन अधिकृत स्थानों पर सीमित अवधि के लिए ग्रीन पटाखों की बिक्री की व्यवस्था कर रहा है, वहीं दूसरी ओर दीपावली से पहले अवैध पटाखों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई भी लगातार जारी है। हाल के दिनों में फर्रुखनगर में अस्पताल की इमारत से लाखों रुपये कीमत के पटाखे बरामद कर एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया। वहीं सिविल लाइंस क्षेत्र में 18 क्विंटल से अधिक अवैध पटाखों की बरामदगी के मामले में पिता और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया गया।

इसी कड़ी में कोतवाली नगर पुलिस ने कांग्रेस के जिला मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता को भी अवैध पटाखों के मामले में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उनकी दुकान से नौ बोरे और दो कार्टून पटाखे बरामद किए गए। लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बीच अब चुनौती यह सुनिश्चित करने की है कि अधिकृत बाजारों के बाहर अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण पर प्रभावी रोक लगे।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ