दाऊद गैंग का 50 हजार का इनामी शूटर नसीम मुठभेड़ में ढेर, दिल्ली से लोनी तक पुलिस को थी तलाश

विभु मिश्रा 
बुलंदशहर। दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी से जुड़े शूटर नसीम उर्फ रिजवान का बुधवार देर रात बुलंदशहर में अंत हो गया। सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। नसीम गाजियाबाद के लोनी थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दिल्ली में भी दो हत्या के मामलों में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

कई राज्यों में था नेटवर्क

मुठभेड़ में मारे गए बदमाश की पहचान नसीम उर्फ रिजवान पुत्र इस्लामुद्दीन उर्फ बुंडू निवासी मुस्तफाबाद, थाना दयालपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, नसीम दाऊद गिरोह यानी डी-कंपनी का सदस्य था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और दिल्ली में हत्या के चार मुकदमों सहित हत्या के प्रयास, रंगदारी और अन्य संगीन अपराधों के 26 से अधिक मामले दर्ज थे। दिल्ली के खजूरी खास इलाके में पिछले छह महीनों के दौरान हुई दो सनसनीखेज हत्याओं में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है। इन वारदातों के बाद से दिल्ली पुलिस को उसकी तलाश थी।

छोटा शकील के इशारे पर ली थी सुपारी

नसीम का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हत्या की साजिशों से भी जुड़ चुका था। पुलिस के अनुसार, उसने छोटा शकील के कहने पर पाकिस्तानी-कनाडाई मूल के तारिक फतह और तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी ली थी। हालांकि, वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद भी उसका आपराधिक सफर जारी रहा। 

गाजियाबाद से था 50 हजार का इनामी

गाजियाबाद के लोनी में हत्या के प्रयास के मामले में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित होने के साथ दिल्ली के दो हत्या के मामलों में भी वह वांछित चल रहा था। आखिरकार यूपी एसटीएफ और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में उसकी तलाश खत्म हो गई।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ