गाजियाबाद। एनसीआर में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता और वातावरण में बढ़ते धूल-कणों के बीच राजनगर एक्सटेंशन की ब्रेव हार्ट सोसायटी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अलग पहल की है। सोसायटी की एओए ने परिसर और आसपास खड़े पेड़ों पर पानी का छिड़काव कर उनकी पत्तियों पर जमा धूल को साफ कराया। पिछले साल शुरू की गई इस पहल को इस बार भी दोहराया गया। पेड़ों पर पानी की बौछार से कुछ समय के लिए पूरे परिसर में बारिश जैसा नजारा दिखाई दिया।
पेड़ों की पत्तियों से हटाई धूल
प्रदूषण का असर केवल सड़कों और इमारतों तक सीमित नहीं है, बल्कि पेड़-पौधों की पत्तियों पर भी धूल और मिट्टी की परत जमा हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए एओए ने सोसायटी परिसर के साथ आसपास मौजूद पेड़ों पर भी पानी का विशेष छिड़काव कराया। इससे पत्तियों पर जमी धूल साफ हुई और पेड़ों की हरियाली निखरकर सामने आई। छिड़काव के बाद वातावरण में कुछ समय के लिए ठंडक भी महसूस की गई।
लगातार दूसरे साल पहल
ब्रेव हार्ट सोसायटी की एओए ने पिछले वर्ष भी प्रदूषण के बीच पेड़ों पर पानी का छिड़काव कराया था। इस बार दोबारा यह गतिविधि आयोजित कर पेड़ों की नियमित देखभाल की जरूरत को प्राथमिकता दी गई। सोसायटी निवासियों ने इस प्रयास की सराहना की। हालांकि पेड़ों पर पानी का छिड़काव प्रदूषण की समस्या का स्थायी समाधान नहीं है, लेकिन पत्तियों पर जमा धूल हटाने और स्थानीय स्तर पर हरियाली को स्वच्छ रखने में यह उपयोगी कदम है।
बालकनी के पौधों की भी देखभाल
सोसायटी के कार्यकारी अध्यक्ष एडवोकेट लविश त्यागी ने निवासियों से अपने घरों की बालकनी में रखे पौधों पर भी नियमित पानी का छिड़काव करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी निवासी अपने आसपास लगे पौधों की देखभाल करें, जिससे सोसायटी को हरा-भरा और स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलेगी। एओए की इस पहल में निवासियों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें