गाजियाबाद। हिंदी कहानी और साहित्यिक परंपरा को समर्पित 'से. रा. यात्री स्मृति कथा रंग साहित्य महोत्सव एवं अलंकरण समारोह' में देश-विदेश के साहित्यकारों का सम्मान किया गया। समारोह में वरिष्ठ कथाकार बलराम और डेनमार्क से पहुंचीं अर्चना पैन्यूली को कथा रंग के सर्वोच्च सम्मानों से अलंकृत किया गया। मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध साहित्यकार ममता कालिया ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे हिंदी साहित्य, विशेषकर कहानी विधा के संरक्षण और संवर्धन की महत्वपूर्ण पहल बताया।
कहानी विधा को मिल रहा संबल
ममता कालिया ने कहा कि कथा रंग जिस प्रतिबद्धता के साथ से. रा. यात्री की साहित्यिक परंपरा को आगे बढ़ा रहा है, वैसा उदाहरण देशभर में मिलना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि कथा रंग ने हिंदी साहित्य और कहानी लेखन को एक ऐसा मंच दिया है, जहां रचनाकारों को उनकी साहित्यिक साधना के अनुरूप पहचान मिल रही है। वरिष्ठ कथाकार बलराम और डेनमार्क में रह रहीं अर्चना पैन्यूली का एक ही मंच पर सम्मानित होना संस्था की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनी प्रतिष्ठा का प्रमाण है।
कहानियों का सच्चा मंच
समारोह के विशिष्ट अतिथि सुप्रसिद्ध साहित्यकार महेश दर्पण ने कथा रंग की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि यह भारत का ऐसा मंच है, जो कहानी और साहित्य के क्षेत्र में कलम के सिपाही की तरह अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। उन्होंने कहानी विधा के प्रति संस्था की निरंतर सक्रियता और साहित्यकारों को जोड़ने के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर अर्चना पैन्यूली को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ 'शिवम कपूर स्मृति प्रेमचंद कथा सम्मान' और कथाकार बलराम को 11 हजार रुपये के साथ 'से. रा. यात्री स्मृति कथा शिरोमणि' सम्मान प्रदान किया गया।
कथाकार बलराम का मनाया जन्मदिन
समारोह में कथाकार बलराम का 75वां जन्मदिन भी साहित्यिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि आज साहित्य के कई क्षेत्रों में गतिविधियां सिमट रही हैं, लेकिन कथा रंग लगातार अपना दायरा बढ़ा रहा है। उन्होंने संस्था की एक दशक की यात्रा को उल्लेखनीय बताते हुए पूरी टीम को बधाई दी। बलराम ने कहा कि पुरस्कार किसी साहित्य को समृद्ध नहीं बनाते, बल्कि वे उस साहित्य की पहले से मौजूद समृद्धि और गुणवत्ता के परिचायक होते हैं। कथा रंग के प्रयासों से हिंदी साहित्य को निरंतर मजबूती मिल रही है।
अन्य रचनाकारों का भी सम्मान
समारोह में विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत कई अन्य साहित्यकारों को भी अलंकरण प्रदान किए गए। उमंग जौली सरीन को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 'शांति देवी स्मृति कृष्णा सोबती कथा सम्मान' तथा रमेश कुमार रीपू को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 'धीरज सिंह स्मृति भगवती चरण वर्मा कथा सम्मान' दिया गया। वहीं प्रज्ञा रोहिणी, सुधा थपलियाल और प्रदीप भट्ट को 'से. रा. यात्री कथा गौरव सम्मान' से नवाजा गया। सुधा जुगलान और डॉ. ज्योत्सना मिश्रा को 'कथा रंग सृजन सम्मान' प्रदान किया गया। वर्ष 2024 की विजेता अनीता रश्मि को तृतीय पुरस्कार के रूप में 'अमृता प्रीतम सम्मान' दिया गया।
साझा किए साहित्यिक विचार
कार्यक्रम के दौरान शिवनारायण, डॉ. अशोक मैत्रेय, कमलेश भट्ट 'कमल', डॉ. माला कपूर 'गौहर', अशोक गुप्ता, अतुल सिन्हा और नीरज मित्तल ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने हिंदी साहित्य, कहानी लेखन और साहित्यिक आयोजनों की प्रासंगिकता पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान अद्विक प्रकाशन की ओर से चयनित कहानियों के संकलन 'रंग-ए-अफसाना 2026' का लोकार्पण भी किया गया। संस्था के अध्यक्ष शिवराज सिंह ने अतिथियों, सम्मानित रचनाकारों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
इन साहित्यकारों की रही मौजूदगी
समारोह का संचालन संयुक्त रूप से सुभाष चंदर, आलोक यात्री, वागीश शर्मा और रिंकल शर्मा ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पवन कुमार के साथ सुरेन्द्र सिंघल, राकेश कुमार, रघुवीर शर्मा, ऋषि कुमार शर्मा, वंदना वाजपेई, रंजना मजुमदार, सुभाष अखिल, रवि पाराशर, डॉ. सुमन गोयल, पूनम मनु, तेजवीर सिंह, डॉ. मनोहर, अविनाश, डॉ. आशा रानी, विजय लक्ष्मी, डॉ. वीना मित्तल, सिनीवाली, प्रताप सिंह, के.के. जायसवाल, शकील अहमद, डॉ. आभा, सुदीप ठाकुर, पूजन प्रियदर्शी, बबली सिन्हा 'वान्या', ओंकार सिंह, डी.डी. पचौरी, विनय विक्रम सिंह, राजीव शर्मा, उत्कर्ष गर्ग, आशु गोस्वामी, जोया, तन्मय, अभिनव, सत्य प्रसाद पेन्यूली, मंजु पेन्यूली और चंद्रवती शुक्ला सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी एवं श्रोता उपस्थित रहे।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें