गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सुंदरदीप कॉलेज के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेल्ते परिवार को उजाड़ दिया है। पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित कैंटर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मां और उसके 10 महीने के दुधमुंहे बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में चार साल के मासूम का एक पैर कटकर अलग हो गया और पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। इस वीभत्स घटना के बाद से इलाके में शोक की लहर है।
सुंदरदीप कॉलेज के पास हुआ खूनी हादसा
हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र स्थित गांव सिखैड़ा निवासी असलम (32) अपनी पत्नी गुलशन (30) और दो बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर गाजियाबाद की तरफ आ रहे थे। परिवार जब दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सुंदरदीप कॉलेज के पास पहुँचा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार पूरा परिवार उछलकर सड़क पर जा गिरा।
अस्पताल पहुँचने से पहले ही उजड़ गया परिवार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि गंभीर रूप से घायल गुलशन को डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, 10 माह के मासूम बेटे की मणिपाल अस्पताल में इलाज के दौरान सांसें थम गईं। हादसे में चार साल के बड़े बेटे रियान का एक पैर कटकर अलग हो गया है, जबकि बाइक चला रहे पिता असलम के पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल पिता और बच्चे को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है।
मजदूरी कर परिवार पालते हैं पीड़ित पिता
पुलिस के मुताबिक, घायल असलम मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करते हैं और उनके कुल पाँच बच्चे हैं। इस वीभत्स हादसे ने एक झटके में उनकी गृहस्थी को तबाह कर दिया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कैंटर और क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें